नवजात बच्चे बेचने वाला गिरोह मुंबई में पकड़ा गया, 9 आरोपी गिरफ्तार

मुंबई क्राइम ब्रांच ने 7 महिलाओं समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया, इनमें एक डॉक्टर भी शामिल, 60 हज़ार से तीन लाख रुपये में बेचे जाते थे नवजात बच्चे

Updated: Jan 18, 2021, 05:51 AM IST

Photo Courtesy: Vice
Photo Courtesy: Vice

मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी में नवजात शिशुओं को बेचने वाला एक गिरोह पुलिस की गिरफ्त में आया है। यह बड़ी गिरफ्तारी मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने की है। पुलिस ने इस गिरोह से जिन नौ लोगों को अब तक गिरफ्तार किया है, उनमें सात महिलाएं और दो पुरुष हैं। इसी सिलसिले में क्राइम ब्रांच ने एक डॉक्टर को भी  गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह डॉक्टर भी नवजात बच्चों को बेचने के इस दिल दहलाने वाले धंधे में शामिल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को अदालत में पेश किया, जिसने उन्हें 21 जनवरी तक के लिए कस्टडी में भेज दिया है। अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक यह गिरोह नवजात बच्चों की तस्करी किया करता था। इन नवजात बच्चों को गिरोह के लोग 60 हज़ार रुपये से लेकर तीन लाख रुपए तक में बेच देते थे।

ये खबर थोड़ी देर पहले ही आई है। जैसे ही और विवरण आएगा हम यहां अपडेट करेंगे।