मेक्सिको में त्योहार के दौरान भारी गोलीबारी, 12 लोगों की मौत और 20 घायल
गोलीबारी उस समय शुरू हुई, जब लोग सेंट जॉन द बैपटिस्ट के जश्न में सड़क पर नाच रहे थे। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग चिल्लाते और गोलीबारी से बचने के लिए भागते नजर आ रहे हैं।

मेक्सिको में एक धार्मिक समारोह के दौरान गोलीबारी में 12 लोग मारे गए हैं। बताया जा रहा है कि गुआनाजुआतो राज्य के इरापुआतो शहर में मंगलवार रात भीषण गोलीबारी हुई। इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे के वक्त लोग इरापुआतो में सेंट जॉन द बैप्टिस्ट त्योहार के मौके पर सड़क पर नाच-गाना और जश्न मना रहे थे। यह जानकारी स्थानीय प्रशासन ने बुधवार को दी।
यह भी पढे़ं: शुभांशु शुक्ला के Axiom-4 मिशन ने सफलतापूर्वक भरी उड़ान, अंतरिक्ष में झंडे गाड़ने फिर चला भारत का लाल
इरापुआतो के अधिकारी रोडोल्फो गोमेज सेरवांतेस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मेक्सिको मरने वालों की संख्या 12 हो चुकी है और कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मरने वालों में से 11 की पहचान हो चुकी है। इनमें 8 पुरुष, 2 महिलाएं और एक 17 वर्षीय नाबालिग शामिल है। सोशल मीडिया पर हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें लोगों के जश्न मनाने के दौरान गोलीबारी की आवाज सुनी गई।
राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने हमले पर दुख जताया और कहा कि इसकी जांच की जा रही है। इरापुआतो की स्थानीय सरकार ने इस हमले को कायरतापूर्ण बताया और कहा कि सुरक्षा बल जिम्मेदार लोगों की तलाश कर रहे हैं।