भारत जोड़ो यात्रा का समापन समारोह आज, श्रीनगर में भारी बर्फबारी से अधिकांश रास्ते बंद

श्रीनगर में आज भारत जोड़ो यात्रा का समापन समारोह है। इस यात्रा का 135 दिनों के बाद समापन हो रहा है। हालांकि, श्रीनगर में भीषण बर्फबारी के कारण कार्यक्रम में बदलाव की संभावना है।

Updated: Jan 30, 2023, 07:30 AM IST

श्रीनगर। भारत जोड़ो यात्रा करीब 4000 किलोमीटर का सफर पूरा कर कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने के बाद रविवार को संपन्न हो गई। हालांकि, श्रीनगर में आज भारत जोड़ो यात्रा का औपचारिक समापन समारोह है। इस यात्रा का 135 दिनों के बाद समापन हो रहा है। कांग्रेस की ओर से भव्य समापन समारोह का आयोजन किया गया है। हालांकि, श्रीनगर में भीषण बर्फबारी शुरू हो गई है। 

जानकारी के मुताबिक श्रीनगर में भीषण बर्फबारी के कारण अधिकांश रास्ते बंद हो गए हैं। ऐसे में संभावना है कि राहुल गांधी बर्फ पर चलकर पार्टी ऑफिस जाएं। दरअसल, आज राहुल गांधी कांग्रेस दफ्तर में ध्वजारोहण करने वाले हैं। हालांकि, बर्फबारी के कारण गाडियां नहीं चल पा रही हैं। श्रीनगर के बॉटनिकल पार्क में राहुल का टेंट है। वहाँ से लाल चौक स्थित पार्टी ऑफिस क़रीब चार से पाँच किमी की दूरी पर है। ऐसे में ध्वजारोहण के लिए उन्हें पांच किमी बर्फ पर पैदल चलना पड़ सकता है। 

यह भी पढ़ें: 14 राज्य, 75 जिले और 3970 KM का सफर, श्रीनगर में भारत जोड़ो यात्रा, लाल चौक पर राहुल ने फहराया तिरंगा

इसके अलावा श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में औपचारिक तौर पर यात्रा का समापन समारोह रखा गया है। क्लोजिंग सेरेमनी में शामिल होने के लिए 21 दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम में फिल्म मेकर विशाल भारद्वाज और उनकी पत्नी व गायिका रेखा भारद्वाज भी शामिल होंगी। 

करीब 4,000 किलोमीटर चलने के बाद राहुल गांधी ने कल श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा लहराया था। इसके बाद मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह यात्रा न तो कांग्रेस की यात्रा थी और न ही राहुल गांधी की यात्रा थी, बल्कि यह भारत की यात्रा थी। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में सवाल-जवाब की शुरुआत से पहले कहा कि, "भारत जोड़ो यात्रा श्रीनगर में समाप्त हुई, चलना खत्म हुआ। मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला, बहुत कुछ समझने को मिला। लाखों लोगों से मिला, बातचीत की। मेरे पास शब्द नहीं हैं आपको समझाने के लिए। यात्रा का लक्ष्य भारत को एक करने का था, जोड़ने का था। जो नफरत फैलाई जा रही है, हिंसा फैलाई जा रही है, उसके खिलाफ हमने यात्रा की और जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है।"

यह भी पढ़ें: लाल चौक पर तिरंगा लहराकर भारत से किया वादा आज पूरा हुआ, नफरत हारेगी, मोहब्बत जीतेगी: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने यात्रा में साथ देने के लिए भारत जोड़ो यात्रियों के साथ ही सभी राज्यों की पुलिस और सुरक्षा बलों का धन्यवाद देते हुए आभार प्रकट किया। इस सवाल पर कि भारत जोड़ो यात्रा से कश्मीर की राजनीति या राष्ट्रीय राजनीति पर क्या असर पड़ेगा, राहुल गांधी ने कहा, "यह हमारी यात्रा नहीं, बल्कि भारत की यात्रा है, क्योंकि ये कांग्रेस पार्टी की यात्रा नहीं रही, क्योंकि इसमें कांग्रेसियों से ज्यादा आम लोग शामिल रहे। ये भारत की यात्रा है, हम इसमें जरूर शामिल हुए।"