उत्तराखंड में गंगोत्री के पास धराली में बादल फटा, कई घर मलबे ने दबे, सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

उत्तराखंड के धराली में बादल फटने से बड़ी तबाही आई है। अचानक आए सैलाब की चपेट में तमाम होटल और मकान आने की आशंका है।

Updated: Aug 05, 2025, 03:30 PM IST

देहरादून। उत्तरकाशी में बादल फटने से बड़ी तबाही सामने आई है। धराली में बादल फटने से खीर गंगा गांव बह गया है। घटना मंगलवार सुबह की है। बाढ़ और मलबे की चपेट कई घर आ गए हैं। उत्तरकाशी के डीएम प्रशांत आर्या ने बताया कि अब तक 4 लोगों की मौत की खबर मिली है। 50 से ज्यादा लोग लापता हैं। कई लोगों के दबे होने की खबर है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक धरावी गांव देहरादून से 218 किमी दूर है। घटना के कई वीडियो और फोटोज सामने आए हैं। रेस्क्यू टीम SDRF, NDRF के साथ आर्मी भी मौके पर पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह पानी का सैलाब गांव की तरफ आते ही लोगों में चीख पुकार मच गई। कई होटलों में पानी और मलबा घुस गया है। धराली बाजार पूरी तरह तबाह हो गया है। कई होटल दुकाने ध्वस्त हो चुकी है।

धराली गंगोत्री धाम के रास्ते में अहम पड़ाव है। बताया जा रहा है कि धराली में खीर गंगा नदी में बादल फटने से ये विनाशकारी मंजर देखने को मिला है। बताया जाता है कि इसमें 50 से 60 लोग लापता हैं। नदी किनारे अचानक आई बाढ़ की से दर्जनों होटल और होमस्टे को नुकसान पहुंचा है। इसमें कई मजदूरों के दबे होने की आशंका भी है।

वीडियो में दिख रहा है कि कैसे 30 सेकेंड में कैसे दर्जनों मकान बहते चले गए। पानी आते ही वहां चीख पुकार मच गई, लेकिन लोगों को भागने का मौका नहीं मिला। सैलाब के साथ बड़े बड़े पत्थर और लकड़ी के लट्ठे भी बहते हुए नीचे आए और जिनकी चपेट में आने से कई लोगों के हताहत होने की आशंका है।