UP के युवाओं के लिए कांग्रेस ने जारी किया घोषणा पत्र, स्वास्थ्य, शिक्षा, भागीदारी और रोज़गार पर ज़ोर

प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी किया है, जिसमें युवाओं के जीवन से जुड़े तमाम समस्याओं के समाधान तथा उनके भविष्य के निर्माण का संकल्प कांग्रेस पार्टी ने लिया है

Updated: Jan 21, 2022, 07:33 AM IST

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश युवाओं के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया है। जिसमें युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोज़गार और राजनीति में उनकी भागीदारी पर ज़ोर दिया गया है। 

कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए कांग्रेस पार्टी की आगामी नीतियों के बारे में बताया। प्रियंका गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर राज्य के युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, रोज़गार और राजनीति में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस पार्टी कई कदम उठाएगी। प्रियंका गांधी ने युवाओं के लिए बनाए गए कांग्रेस के घोषणा पत्र के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने युवाओं की भलाई के लिए घोषणा पत्र को अलग अलग भागों में तैयार किया है।

नशा से मुक्ति दिलाने के लिए संस्थान की होगी स्थापना

प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के ऊपर भी पूरा ध्यान देगी। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में राज्य के युवा नशे की गिरफ्त में हैं। ऐसे में उनको नशा से मुक्ति दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी अलग से एक संस्थान का निर्माण करेगी। यह लखनऊ में स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य के चार अलग हिस्सों में भी इसके उपकेंद्र होंगे। साथ ही युवाओं को नशा से मुक्ति दिलाने के लिए राज्य में जगह जगह शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

भर्ती प्रक्रिया को करेंगे आसान 

प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के भर्ती विधान की जानकारी साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार राज्य के युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए भर्ती प्रक्रिया को आसान करेगी। इसके साथ ही उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में होने वाली देरी तथा पेपर लीक की समस्या के समाधान का भी वादा किया। ताकि उन्हें रोज़गार के लिए दर दर की ठोकरें खाने पर मजबूर न होना पड़े।

युवाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर भी ज़ोर 

कांग्रेस महासचिव ने घोषणा पत्र की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य के कई विश्वविद्यालयों में छात्र संघ के चुनाव नहीं हुए हैं। लिहाजा कांग्रेस पार्टी युवाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ाने पर भी पूरा ज़ोर लगाएगी।

युवा करेंगे नरेंद्र मोदी की सरकार का अंत: राहुल गांधी 

​​​​​​राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बेरोजगारी का मुद्दा उठाया। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज देश भर के पांच करोड़ से ज्यादा लोग बेरोजगार हैं। राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार का अंत इस देश के युवा ही करेंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि जिस दिन हिंदुस्तान के युवा ने अपने दिल की बात बोलनी शुरू कर दी, जिस दिन युवा ने सच्चाई बोलनी शुरू कर दी, उस दिन नरेंद्र मोदी की सरकार ख़त्म हो जाएगी।