कोरोना का कहर: 24 घंटे में 24,845 नए मामले, 140 की मौत, महाराष्ट्र में बेकाबू हुआ संक्रमण
शुक्रवार को देश में 24,845 नए संक्रमित मिले, 19,972 ठीक हुए और 140 की मौत हो गई, महाराष्ट्र में सर्वाधिक 15,817 केस सामने आए

नई दिल्ली। देश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को 24,845 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। यह साल 2021 में देश में एक दिन में दर्ज किए गए कोरोना के मामलों की सबसे बड़ी संख्या है। बीते 24 घंटे में कुल 19,972 मरीज ठीक हुए और 140 संक्रमितों की मौत हो गई।
मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां शुक्रवार को 603 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 360 मरीज ठीक हुए। शुक्रवार को राज्य में 2 संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब तक 2 लाख 67 हजार 176 लोग इस संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
भारत में कोरोना के आंकड़ों पर नजर रखने वाली वेबसाइट covid19india.org के मुताबिक देश में अब तक 1 करोड़ 13 लाख से ज्यादा लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 90 हजार से ज्यादा संक्रमित ठीक हो चुके हैं वहीं 1 लाख 58 हजार लोगों की मौत हुई है। वर्तमान में 1 लाख 99 हजार संक्रमितों का इलाज चल रहा है।
महाराष्ट्र ने बढ़ाई चिंता
साल 2021 में अचानक बढ़ना शुरू हुए कोरोना केस के मामले में महाराष्ट्र ने चिंता बढ़ा दी है। राज्य में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 15817 नए मामले सामने आए और इस अवधि में 56 लोगों को जान गंवानी पड़ी है। राहत की बात यह रही कि राज्य में शु्क्रवार को 11,344 मरीज डिस्चार्ज हुए, इसके साथ ही राज्य में रिकवरी रेट 92.79 फीसदी पहुंच गया है। महाराष्ट्र में इस समय कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 1,10,485 है।