बढ़ता जा रहा है बर्ड फ्लू का खतरा, महाराष्ट्र और दिल्ली समेत 9 राज्य चपेट में

दिल्ली में कुल आठ मृत बत्तख और कौवों का सैंपल पॉजिटिव आया, महाराष्ट्र के परभणी में 800 मुर्गियों की मौत, मध्य प्रदेश के 13 ज़िलों में बर्ड फ़्लू की पुष्टि

Updated: Jan 11, 2021, 11:29 AM IST

Photo Courtesy: Mint
Photo Courtesy: Mint

नई दिल्ली/मुंबई। देश में बर्ड फ्लू के मामले तेज़ी से फैल रहे हैं। अब दिल्ली और महाराष्ट्र में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इस हिसाब से अब तक देश के कुल 9 राज्य बर्ड फ्लू की चपेट में आ गए हैं। दिल्ली में कुल 8 मृत बत्तख और कौवों की सैंपल रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है। वहीं महाराष्ट्र के परभणी ज़िले के एक पोल्ट्री फार्म में करीब 800 मुर्गियों की मौत हो गई है। मध्य प्रदेश में भी अब तक कुल 13 ज़िलों में बर्ड फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं।

दिल्ली और महाराष्ट्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद अब तक कुल 9 राज्य ऐसे पाए गए हैं, जिनमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। दिल्ली और महाराष्ट्र से पहले अब तक केरल, राजस्थान, मध्यप्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई थी। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली में कुल 8 मृतक बत्तखों और कौवों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। दिल्ली में तीन जगहों के पक्षियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। जिसमें मयूर विहार फेज 3, द्वारका सेक्टर 9 और संजय झील शामिल है। संजय झील में अब तक 27 पक्षियों की मौत हो चुकी है। लिहाज़ा उसे हाई अलर्ट ज़ोन घोषित कर दिया गया है। 

वहीं महाराष्ट्र के परभणी ज़िले के मुरूंबा गांव स्थित पॉल्ट्री फार्म में तकरीबन 800 मुर्गियों की मौत हो गई है। जब इन मृत मुर्गियों की जांच के लिए सैंपल भेजे गए तब मुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। इसके साथ ही महाराष्ट्र के लातूर में अहमदपुर इलाके के दस किलोमीटर के दायरे के भीतर क्षेत्र को अलर्ट ज़ोन घोषित कर दिया गया है। यहां भी 108 मुर्गियां सहित 180 पक्षियों को मृत पाया गया है। हालांकि इन पक्षियों की जांच रिपोर्ट अभी नहीं आई है। 

मध्य प्रदेश के 13 जिलों में हुई बर्ड फ्लू की पुष्टि 

मध्य प्रदेश में अब तक कुल 13 ज़िले ऐसे हैं जिनमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हो गई है। इनमें इंदौर, मंदसौर, आगर, देवास, नीमच, उज्जैन, खंडवा, शाजापुर, राजगढ़, शिवपुरी, खरगौन और गुना में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। प्रदेश के 27 ज़िलों में अब तक 1100 कौवों की मौत हो चुकी है। यही हाल बर्ड फ्लू की चपेट में आने वाले बाकी राज्यों का है।

केंद्रीय चिड़ियाघर को भेजें डेली रिपोर्ट: केंद्र

देश भर में मचे बर्ड फ्लू के हड़कंप के बीच केंद्र सरकार ने सभी चिड़ियाघर प्रबंधनों को डेली रिपोर्ट भेजने के लिए कहा है। सभी चिड़ियाघर प्रबंधन केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण को दैनिक रिपोर्ट भेजेंगे। केंद्र कहा है कि जब तक उनके इलाकों को रोगमुक्त घोषित नहीं कर दिया जाता, तब तक डेली रिपोर्ट भेजते रहें।