पूर्व बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा तृणमूल कांग्रेस में शामिल, कोलकाता में ली सदस्यता

यशवंत सिन्हा को राज्यसभा भेजे जाने की अटकलें तेज़ हैं, हाल ही में टीएमसी के राज्यसभा सांसद दिनेश त्रिवेदी ने टीएमसी से इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थामा है

Updated: Mar 13, 2021, 07:54 AM IST

Photo Courtesy: ANI
Photo Courtesy: ANI

कोलकाता। पूर्व बीजेपी नेता यशवंत सिंह आज तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वित्त मंत्री रहे सिन्हा ने आज कोलकाता में ममता बनर्जी की पार्टी की सदस्यता ली। यशवंत सिन्हा के टीएमसी में शामिल होने के साथ ही उनके राज्यसभा में जाने की अटकलें तेज़ हो गई हैं। 

टीएमसी के राज्यसभा सांसद दिनेश त्रिवेदी ने 12 फरवरी को ऊपरी सदन से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद त्रिवेदी ने बीजेपी का दामन थाम लिया। त्रिवेदी के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट पर यशवंत सिन्हा को सांसद बनाए जाने की चर्चा तेज़ है।

यशवंत सिन्हा का राजनीतिक करियर जनता दल से शुरू हुआ था। इसके बाद लंबे अरसे तक सिन्हा बीजेपी में रहे। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में यशवंत सिन्हा ने वित्त मंत्री की ज़िम्मेदारी संभाली। लेकिन 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान ही यशवंत सिन्हा की बीजेपी से दूरियां बढ़ने लगी थीं। 2018 में आखिरकार उन्होंने बीजेपी छोड़ दी। हालांकि उनके बेटे जयंत सिन्हा झारखंड के हजारीबाग से बीजेपी के सांसद हैं। जयंत को मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में वित्त राज्य मंत्री भी बनाया गया था।