टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का सड़क हादसे में निधन, मुंबई से सटे पालघर में डिवाइडर में टकराई मर्सिडीज

साइरस पलोनजी मिस्त्री एक व्यापारी थे, जो 28 दिसंबर 2012 को टाटा समूह के अध्यक्ष बने थे। बाद में टाटा ग्रुप ने 24 अक्टूबर 2016 को साइरस मिस्त्री को चेयरमैन पद से हटा दिया था।

Updated: Sep 04, 2022, 12:18 PM IST

मुंबई। टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का एक भयावह सड़क हादसे में निधन हो गया है। साइरस मिस्त्री की कार रविवार को महाराष्ट्र के पालघर में एक डिवाइडर से टकरा गयी। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार में कुल 4 लोग सवार थे। साइरस समेत एक और शख्स की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 2 अन्य बुरी तरह से जख्मी हैं। घायलों को नजदीक के वापी अस्पताल भेजा गया है।

यह हादसा मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर सूर्या नदी चरोटी पुल पर हुआ। दरअसल, साइरस मिस्त्री अपने तीन साथियों के साथ अहमदाबाद से मुंबई आ रहे थे। इसी दौरान पालघर के पास सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। पालघर के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने बताया, 'मुताबिक मिस्त्री जिस कार में सवार थे, उसका नंबर MH-47-AB-6705 है। एक्सीडेंट दोपहर करीब साढ़े तीन बजे अहमदाबाद से मुंबई के रास्ते में सूर्या नदी के पुल पर हुआ।'

यह भी पढ़ें: देश में नफरत पैदा कर रही है बीजेपी, सिर्फ कांग्रेस ही देश को बचा सकती है, रामलीला मैदान से राहुल ने भरी हुंकार

साइरस पलोनजी मिस्त्री एक व्यापारी थे, जो 28 दिसंबर 2012 को टाटा समूह के अध्यक्ष बने थे। बाद में टाटा ग्रुप ने 24 अक्टूबर 2016 को साइरस मिस्त्री को चेयरमैन पद से हटा दिया था। सायरस टाटा ग्रुप के छठे चेयरमैन थे। कुछ विवादों के चलते चार साल के अंदर ही उन्हें चेयरमैन पद से हटा दिया गया था। इसके बाद खुद रतन टाटा ने अंतरिम चेयरमैन का पद संभाला था। बाद में 2017 में एन चंद्रशेखरन को यह पद दिया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कार में ड्राइविंग सीट पर महिला थी। साइड सीट पर मिस्त्री बैठे थे। पीछे दो लोग और बैठे थे। हादसा इतना भयानक थी कि गाड़ी के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि यह हादसा कैसे हुआ।