हर्ष सांघवी बने गुजरात के डिप्टी सीएम, क्रिकेटर रविंद्र जडेजा की पत्नी भी मंत्रिमंडल में शामिल

गुजरात के नवगठित कैबिनेट में 19 नए चेहरे हैं, जबकि पिछली बार के 6 मंत्री ही अपना पद कायम रख पाए हैं। वहीं, 8 OBC, 3 SC, 4 ST और 3 महिलाएं हैं। CM समेत 8 मंत्री पटेल समाज से हैं।

Updated: Oct 17, 2025, 03:21 PM IST

गांधीनगर। गुजरात में आज मंत्रिमंडल का बड़ा विस्तार हुआ है। राज्य में भाजपा ने महज 3 साल में CM भूपेंद्र पटेल के अलावा लगभग पूरी सरकार बदल दी। पार्टी ने गुरुवार को 16 मंत्रियों से इस्तीफा लिया और शुक्रवार को 26 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई।

गुजरात के नवगठित कैबिनेट में 19 नए चेहरे हैं, जबकि पिछली बार के 6 मंत्री ही अपना पद कायम रख पाए हैं। वहीं, 8 OBC, 3 SC, 4 ST और 3 महिलाएं हैं। CM समेत 8 मंत्री पटेल समाज से हैं।खास बात यह है कि हटाए गए मंत्रियों पर न तो कोई आरोप था और न कोई कानूनी केस। इसके बावजूद सरकार में बड़े स्तर पर फेरबदल ने सभी को चौंका दिया।

इसे गुजरात में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। शुक्रवार को सबसे पहले हर्ष संघवी ने शपथ ली। उन्हें डिप्टी CM बनाया गया है। पहले वे राज्य के गृह मंत्री थे। क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा को भी मंत्री बनाया गया है।
गुजरात कैबिनेट में CM समेत कुल 17 मंत्री थे, जिसमें 8 कैबिनेट और 8 राज्य मंत्री (MoS) थे। अब यह संख्या बढ़कर 26 हो गई है।

मंत्रिमंडल फेरबदल से पहले गुजरात के सभी 16 मंत्रियों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री को अपना इस्तीफा दिया था। यह मंत्रिमंडल फेरबदल वर्तमान कार्यकाल के लगभग तीन साल बाद और नगर निगम और पंचायत चुनावों समेत महत्वपूर्ण स्थानीय निकाय चुनावों से कुछ महीने पहले हो रहा है। गुजरात विधानसभा की मौजूदा स्थिति कि बात करें तो बीजेपी के पास 156, कांग्रेस के पास 17 और आम आदमी पार्टी के पास 5 सीट हैं।