इतिहास आपको माफ नहीं करेगा, मुख्यधारा की मीडिया पर बरसे सीएम गहलोत

अशोक गहलोत ने कहा कि राष्ट्रीय मीडिया ने भारत जोड़ो यात्रा को बॉयकॉट कर रखा है, विपक्ष को दिखाना मीडिया की जिम्मेदारी है, लेकिन मीडिया अपनी भूमिका निभाने में फेल साबित हुआ है।

Updated: Dec 05, 2022, 08:15 AM IST

झालावाड़। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान के झालावाड़ जिले से गुजर रही है। रविवार को यह ऐतिहासिक यात्रा सात राज्यों से होकर राजस्थान पहुंची है। राहुल गांधी पिछले तीन महीनों में 2 हजार किलोमीटर से ज्यादा पैदल यात्रा कर चुके हैं। लेकिन नेशनल मीडिया में यात्रा को नाम मात्र का स्पेस दिया जा रहा है। इसे लेकर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि इतिहास आपको माफ नहीं करेगा।

सोमवार को झालावाड़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम गहलोत ने नेशनल मीडिया पर गंभीर आरोप लगाए। सीएम गहलोत ने कहा कि, 'मीडिया ने 'भारत जोड़ो यात्रा' को बॉयकॉट कर रखा है। इसमें आप पत्रकारों की कोई गलती नहीं है। आप अपना धर्म निभाते हुए फीड आगे भेज देते हो, लेकिन चैनल के मालिकों और संपादकों पर दबाव है। हम नहीं कह रहे की पूरा समय दिखाओ, लेकिन कुछ स्पेस तो देना चाहिए। मीडिया संस्थान के मालिक-संपादक मोदी सरकार के दबाव में हैं।'

सीएम गहलोत ने आगे कहा कि, ' लाखों लोग इस यात्रा से जुड़ रहे हैं। लेकिन मीडिया ये नहीं दिखा रहा है। मीडिया को सामाजिक सरोकार से कोई मतलब नहीं है, जिसके लिए मीडिया बना है। मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। लेकिन चौथा स्तंभ अपनी भूमिका निभाने में पूरी तरह से फेल हो गया है। क्या आडवाणी जी की यात्रा निकली थी तो पूरे देश की मीडिया ने उसे नहीं उठाया? कोई मैदान में उतरता है तो यह मीडिया की जिम्मेदारी है कि वो पब्लिक को बताए।'

सीएम गहलोत ने कहा कि, ' कोई एक्सीडेंट भी होता है तो आपलोग उसे बताते हो। ये एक सकारात्मक सोच है राहुल गांधी की... सकारात्मक फैसला है, सकारात्मक यात्रा है। कोई दुर्भावना नहीं है किसी के प्रति, कोई हिंसा नहीं है, कोई भेदभाव नहीं है। सबको राहुल गांधी गले लगा रहे हैं। बच्चों को भी बूढ़ों को भी। अगर ऐसी यात्रा को आप नहीं दिखाओगे तो आप अपना कर्तव्य पूरा नहीं कर रहे हैं। कान खोलकर सुन लीजिए इतिहास आपको कभी माफ नहीं करेगा।'

यह भी पढ़ें: राजस्थान में BJY का पहला दिन, राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे गहलोत-पायलट

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा आज शाम 6:30 बजे झालरापाटन के चंद्रभागा चौराहा पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। दोपहर पड़ाव के दौरान राहुल गांधी आज चुनिंदा किसानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे।