80 हजार पुलिसवालों के रहते कैसे भाग गया अमृतपाल, हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को लगाई फटकार

पंजाब पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद भी अमृतपाल सिंह गिरफ़्त से बाहर है। उसके कई सहयोगियों की गिरफ़्तारी के बावजूद बीते चार दिन से पुलिस ख़ाली हाथ है

Updated: Mar 21, 2023, 05:04 PM IST

चंडीगढ़। "वारिस पंजाब दे" संगठन का मुखिया व खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह पंजाब पुलिस के गिरफ्त से अब भी दूर है। पिछले चार दिन से पंजाब पुलिस अमृतपाल सिंह की तलाश में जुटी हुई है। लेकिन अभी तक वह पकड़ा नहीं जा सका है। इस मामले को लेकर पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब पुलिस को फटकार लगाई है। 

उच्च न्यायालय ने मंगलवार को अमृतपाल सिंह के भागने पर खुफिया विफलता के लिए राज्य सरकार की भी खिंचाई की। हाईकोर्ट ने सवाल किया, "पंजाब पुलिस में 80 हज़ार जवान, फिर भी अमृतपाल कैसे फरार है? आपके 80 हजार पुलिस वाले क्या कर रहे थे? वो कैसे भाग गया।" कोर्ट ने आगे कहा कि यह पंजाब पुलिस का इंटेलीजेंसी फेल्‍योर है।

यह भी पढ़ें: अडानी को बचाने के लिए BJP कर रही ड्रामा, शाह-शहंशाह समझ लें लोकतंत्र में जनता मालिक है: कांग्रेस

सुनवाई के दौरान पंजाब पुलिस ने कोर्ट को बताया कि अमृतपाल सिंह पर भी एनएसए लगाया गया है और उसने अब तक अमृतपाल के 120 से ज़्यादा सहयोगियों को पकड़ा है। कोर्ट ने कहा कि हमें पुलिस की कहानी पर भरोसा नहीं है। कोर्ट ने पंजाब पुलिस को स्‍टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को भी कहा है।

पंजाब पुलिस द्वारा अमृतपाल सिंह और उसके समर्थकों के खिलाफ एक्शन लिए जाने के चार दिन बाद सीएम भगवंत मान ने राज्य के लोगों को वीडियो के जरिए संदेश दिया है। 6.25 मिनट लंबे वीडियो में उन्होंने अमन और शांति का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग भाईचारे के लिए जाने जाते हैं लेकिन अगर कोई इसपर बुरी नज़र डालता है तो पंजाबी ये बर्दाश्त नहीं करते। बता दें कि जिस कार में अमृतपाल फरार हुआ था, पुलिस ने उसे भी बरामद कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमृतपाल के दो सहयोगियों कुलवंत सिंह और गुर औजला पर अब एनएसए लगाया गया है। इन दोनों को ही गिरफ्तार करके असम के डिब्रूगढ़ भेजा गया है। इसके साथ ही अमृतपाल के अबतक सात सहयोगियों पर एनएसए लगाया जा चुका है, इसमें गुरमीत सिंह बुक्‍कनवाला, बसंत सिंह, भगवंत सिंह, दलजीत सिंह कलसी, हरजीत सिंह के अलावा कुलवंत सिंह और गुर औजला शामिल हैं।