भोपाल में विधवा युवती ने की आत्मदाह, पति की मौत के बाद सिरफिरे की प्रताड़ना से थी परेशान

महिला के पति की 3 साल पहले मौत हो चुकी है। तब से वह अपनी 3 साल की बेटी के साथ मायके (बाणगंगा क्षेत्र) में रह रही थी।

Updated: Mar 10, 2024, 04:12 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक विधवा युवती ने आत्मदाह कर ली। उसकी एडिटेड फोटो एक युवक ने वायरल कर दिए थे। जिसकी थाने से लेकर साइबर सेल तक शिकायत की गई। लेकिन, कार्रवाई नहीं हुई तो महिला ने परेशान होकर खुद को आग लगा ली।

महिला के पति की 3 साल पहले मौत हो चुकी है। तब से वह अपनी 3 साल की बेटी के साथ मायके (बाणगंगा क्षेत्र) में रह रही थी। बाणगंगा निवासी महिला के रिश्तेदार यासीन खान ने बताया कि आशिया खान (22) की शादी 2020 में हुई थी। उसकी 3 साल की बेटी है। उसके पति की मौत के बाद हम आशिया की दूसरी शादी कराना चाह रहे थे। सउदी में रहने वाले एक युवक से रिश्ते की बात चल रही थी। लेकिन, उस लड़के सुनील ने रिश्ता तुड़वा दिया। 

आरोपी आशिया को जबरन साथ रहने के लिए दबाव बनाता था। आए दिन फोन पर धमकाता भी रहता था। इस बात की शिकायत टीटी नगर थाने से लेकर साइबर क्राइम तक की गई। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच उसने फोटो एडिट कर रिश्तेदारों को सेंड कर दिए। युवक की इस हरकत से परेशान होकर आशिया ने 8 मार्च को अपने घर में आग लगा ली थी। दो दिन चले इलाज के बाद रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। 

मौत से पहले आशिया का बयान परिजनों ने मोबाइल फोन में रिकार्ड किया था, इसमें भी उसने परेशान करने वाले लड़के का नाम लिया है। आशिया की बेटी सदफ (3) ने वर्ष 2021 में जन्म लिया था। इसी दिन आशिया के पति शादाब खान की गौतम नगर थाना इलाके में सरेराह गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। जन्म के दिन ही सदफ के सिर से पिता का साया उठ गया अब 3 वर्षीय आशिया की मां ने भी उसका साथ छोड़ दिया।