कांग्रेस की सरकार बनी तो हर गरीब-किसान को सालाना 72,000 रुपए देंगे, पानीपत की धरती से राहुल गांधी ने फूंका चुनावी बिगुल
राहुल गांधी ने पानीपत के हुड्डा ग्राउंड में आयोजित रैली को संबोधित करते हुए कहा कि यात्रा का पहला लक्ष्य एक हिंदुस्तानी को दूसरे से जोड़ने का है। दूसरा लक्ष्य देश में बेरोजगारी को फैलने से रोकने का है। आखिरी बात महंगाई है, जो सबको चुभती है।

पानीपत। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा से होकर गुजर रही है। पानीपत के हुड्डा ग्राउंड से राहुल गांधी ने देश में कांग्रेस सरकार आते ही न्याय योजना लागू करने का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि आज हरियाणा बेरोगारी में चैंपियन बन गया है।
रैली में उपस्थित जनसैलाब को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'कन्याकुमारी से यात्रा शुरू हुए 112 दिन हो चुके हैं। आज हम पानीपत की ऐतिहासिक जगह पर खड़े हैं। नफरत के बाजार में मैं अकेला नहीं, बल्कि करोड़ों लोग प्यार की दुकान खोल रहे हैं। इस यात्रा का पहला लक्ष्य एक हिंदुस्तानी को दूसरे से जोड़ने का है। दूसरा लक्ष्य देश में बेरोजगारी को फैलने से रोकने का है। आखिरी बात महंगाई है, जो सबको चुभती है। पहले 400 रुपए का सिलेंडर होता था, अब 1 हजार का मिलता है। पहले 60 रुपए का पेट्रोल और अब 100 रुपए पार हो गया है।'
आज करोड़ों हिंदुस्तानी नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान खोल रहे हैं - भारत एक हो रहा है। pic.twitter.com/0M8kgRbVtK
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) January 6, 2023
राहुल गांधी ने न्याय योजना का जिक्र करते हुए कहा कि, 'यहां 2 हिंदुस्तान बन गए हैं। एक किसान, मजदूर, छोटे दुकानदार, बेरोजगारों का। इसमें करोड़ों लोग रहते हैं और दूसरा 200-300 लोगों का हिंदुस्तान। इनके पास पूरा का पूरा धन। आपके पास कुछ नहीं। 2019 में हम एक योजना लाना चाहते थे। हर गरीब व्यक्ति के खाते में 72 हजार रुपए दिए जाएंगे। यह पैसे हर गरीब मजदूर और किसान को दिए जाएंगे। अगर हमारी सरकार आई तो हम ये योजना शुरू करेंगे।'
यह भी पढ़ें: आजाद का साथ छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व डिप्टी सीएम ताराचंद, 17 बड़े नेताओं ने की घर वापसी
राहुल गांधी ने आगे कहा कि, 'देश की आबादी 140 करोड़ है। जितना धन आधे हिंदुस्तान के हाथ में है। उतना धन हिंदुस्तान के सबसे अमीर 100 लोगों के पास है। देश में जितनी भी कॉर्पोरेट कंपनियां हैं, उनमें से 90% मुनाफा सिर्फ 20 कंपनियों को हो रहा है। यह नरेंद्र मोदी के हिंदुस्तान की सच्चाई है। GST और नोटबंदी ने देश में कारोबार खत्म कर दिया। लोगों को रोजगार देने वाले काम बंद हो गए। आज 21वीं सदी में हरियाणा बेरोजगारी का चैंपियन है। आपने सबको पीछे छोड़ दिया। 38 प्रतिशत युवा यहां बेरोजगार हैं।'
राहुल गांधी ने आगे कहा कि पहले 80 हजार युवा सेना में भर्ती होते थे। अग्निवीर योजना में कहा कि 80 नहीं सिर्फ 40 हजार लेंगे। 15 साल की सर्विस की बात भूल जाओ। 4 साल बाद 75% को वापस भेज देंगे, सिर्फ 25% को रखेंगे। सैनिक को तैयार करने की 15 साल की जगह सिर्फ 6 महीने की ट्रेनिंग देंगे। पेंशन नहीं मिलेगी। जब मैं यह बात उठाता हूं तो कहा जाता है कि सेना के खिलाफ बोल रहा हूं।
अग्निवीर योजना वो लेकर आए और कहते हैं - मैं सेना के खिलाफ बात कर रहा हूं।
— Congress (@INCIndia) January 6, 2023
मैं सेना की रक्षा कर रहा हूं, सेना का आदर कर रहा हूं।
: @RahulGandhi जी pic.twitter.com/0ozkLgm4DI
गौरतलब है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में जारी भारत जोड़ो यात्रा तीन दिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सफर कर वर्तमान में हरियाणा में चल रही है। हरियाणा के बाद यह यात्रा पंजाब और फिर हिमाचल प्रदेश होते हुए जम्मू और कश्मीर में जाकर समाप्त होगी।