जयंत चौधरी बने रालोद के अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लगी मुहर

दिवंगत चौधरी अजित सिंह के बेटे जयंत चौधरी को रालोद का नया अध्यक्ष चुना गया है। आज हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उन्हें पार्टी का नया अध्यक्ष चुना गया।

Updated: May 25, 2021, 09:31 AM IST

Photo courtesy: ABP
Photo courtesy: ABP

दिल्ली। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की कार्यकारिणी वर्चुअल बैठक में आज जयंत चौधरी को अध्यक्ष के रूप में चुन लिया गया। अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह के निधन के बाद उनके बेटे जयंत चौधरी को पार्टी की कमान सौंप दी गई है। कोरोना के चलते कार्यकारिणी की बैठक वर्चुअल रखी गई थी। चौधरी अध्यक्ष पद संभालते ही सयुक्त किसान आंदोलन का समर्थन किया। साथ ही कार्यकर्ताओं किसान आंदोलन में भाग लेने की अपील की। 


बैठक की शुरुआत में अजित सिंह की कोरोना संक्रमण के कारण हुई मृत्यु पर शोक जताया गया। इस दौरान सभी नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद बैठक में राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने जयंत चौधरी का नाम प्रस्तावित किया, पूर्व सांसद राष्ट्रीय महासचिव मुंशीराम पाल ने प्रस्ताव का अनुमोदन किया। इसके बाद जयंत चौधरी को रालोद का नया अध्यक्ष चुन लिया गया। बता दें कि रालोद सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह का कोरोना संक्रमण के चलते गुरुग्राम के अस्पताल में 6 मई को निधन हो गया था। 

वहीं बैठक में पंचायत चुनाव के नतीजों की समीक्षा करते हुए संतोष व्यक्त किया गया। महाराष्ट्र, गोवा और गुजरात में चक्रवाती तूफान से होने वाले नुकसान पर दुख भी जाहिर किया। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में तन-मन से जुट जाएं।


बता दें सन 1999 में राष्ट्रीय लोकदल का गठन चौधरी अजित सिंह ने किया था। वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। चौ. अजित सिंह के निधन के बाद राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने आज पार्टी के सभी 37 राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। इस बैठक में जयंत को अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा हो गई है। इस समय पार्टी में अध्यक्ष जयंत चौधरी के अलावा आठ राष्ट्रीय महासचिव, 14 सचिव, तीन प्रवक्ता और 11 कार्यकारिणी सदस्यों समेत 37 पदाधिकारी हैं। 15 साल के अपने राजनीतिक जीवन में जयंत ने पिता के बिना पहली बार कोई बैठक की है।