महाराष्‍ट्र में 20 अप्रैल से उद्योग-धंधों को मिलेगी छूट

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने को कहा है कि राज्य में सोमवार से कुछ आर्थिक गतिविधियां शुरू की जा रही हैं। रेड जोन में किसी तरह की आर्थिक गतिविधि की इजाजत नहीं होगी।

Publish: Apr 20, 2020, 09:18 AM IST

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने को कहा है कि राज्य में सोमवार से कुछ आर्थिक गतिविधियां शुरू की जा रही हैं। राज्य में रेड, ग्रीन और ऑरेंज जोन बनाये गए हैं। रेड जोन में किसी तरह की आर्थिक गतिविधि की इजाजत नहीं होगी। पर ग्रीन और ऑरेंज जोन में आने वाले उद्योगों को सीमित तरीके से अपना परिचालन फिर से शुरू करने की अनुमति दी जाएगी। 

रविवार को एक वीडियो संदेश में उन्होंने यह भी कहा कि लॉक डाउन के दौरान जो उद्योग अपने श्रमिकों को रहने की सुविधा देने को तैयार हैं, उन्हें अनाज की आपूर्ति की जाएगी। साथ ही उन्हें राज्य के भीतर से कच्चा माल मंगाने की अनुमति भी दी जाएगी। राज्य में ग्रीन जोन में वे क्षेत्र आएंगे जहां अब तक कोरोना वायरस का एक भी मामला सामने नहीं आया है। जबकि ऑरेंज जोन में वे क्षेत्र आएंगे जहां कोरोना के कुछ ही मामले अब तक आये हैं।
प्रवासी मजदूरों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह केंद्र सरकार के साथ इस मसले पर बातचीत कर रहे हैं। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इसका समाधान निकलेगा। इस बीच राज्य में व्यापारिक गतिविधियां शुरू की जा रही हैं, सम्भव हो तो आप काम पर लौट सकते हैं। जिससे कि आपकी आजीविका चलती रहे।
राज्य में कोरोना के मामलों की संख्या पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक 66 हजार से अधिक कोरोना वायरस के टेस्ट हो चुके हैं, इनमें से 95 फीसदी परिणाम निगेटिव आये हैं। राज्य में कोरोना से मौतें भी हुई हैं पर काफी लोग ठीक भी हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि जरूरी सेवाओं के लिए आवाजाही को छोड़कर सभी जिलों की सीमाएं सील रहेंगी। लॉक डाउन के दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की इजाजत नहीं मिलेगी। राज्य में कृषि संबंधी कार्य पहले की तरह ही चलते रहेंगे।