मोदी के पास ऐसी गोली है जिसे खाते ही 12 लाख करोड़ कमा सकते हो, इंटक के राष्ट्रीय अधिवेशन में बोले खड़गे

नजर नहीं है नजारों की बात करते हैं, ज़मीं पे चाँद-सितारों की बात करते हैं, वो हाथ जोड़कर बस्ती को लूटने वाले, भरी सभा में सुधारों की बात करते हैं: इंटक के राष्ट्रीय अधिवेशन में खड़गे ने शायराना अंदाज में पीएम मोदी पर साधा निशाना

Updated: Feb 22, 2023, 12:37 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन से ठीक पहले राजधानी दिल्ली में INTUC (इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस) का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने इंटक मेंबर्स को संबोधित करते हुए पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पास एक ऐसी गोली है जिसे खाकर अडानी की संपत्ति 12 लाख करोड़ रुपए हो गई। इस अधिवेशन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह समेत तमाम दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं।

राजधानी दिल्ली स्थित तालकटोरा स्टेडियम में बुधवार को इस दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन की शुरुआत हुई। इस दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर बरसे। प्रधानमंत्री ने कहा, "देश के शासकीय बैंकों में पहले 8 लाख 86 हजार कर्मचारी थे। ये अब घटकर 7 लाख 80 हजार हो गया है। 1 लाख लोगों की नौकरियां चली गई। रेलवे में 18 लाख लोग कार्यरत थे। यह घटकर आज 11 लाख 8 हजार हो गया है। यानी सात लाख नौकरियां चली गई। मोदी सरकार एक एक कर तमाम नौकरियों को खत्म कर रही है। ये एश्योर्ड जॉब्स हैं। जिससे लोगों का भविष्य सुरक्षित था। अब उन्हें निकालकर कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स बना रहे हैं। ये अमीरों के फायदे के लिए किया जा रहा है। लेकिन इससे गरीबों को नुकसान हो रहा है।" 

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि, "देश का सारा धन अमीरों के पास जा रहा है। LIC का 80 हजार करोड़ अडानी को दे दिया। ये गरीब पॉलिसी होल्डर्स के पै थे। बैंक में जो हम जो डिपोजिट करते हैं उसे भी निकालकर अमीरों को दे दिया जाता है। आज देश में 30 वर्ष आयु से कम के 65 फीसदी युवा हैं। उन्हें काम नहीं मिल रहा है। मोदी सरकार ने दो करोड़ नौकरियों का वादा भी पूरा नहीं किया। उसे छोड़िए आज देश में 30 लाख वैकेंसी है। उसे भी नहीं भरा जा रहा है। आपके वादे के अनुसार 9 साल में 18 करोड़ जो नौकरी मिलने थे वह कहां गए। खुद ही बोलते हैं कि यह जुमला था। 15 लाख रुपए मिलने थे वह भी जुमला निकला। समझ लें कि जो भी मोदी और शाह कहते हैं वो सारे जुमले हैं। आप जुमले वालों पर भरोसा मत करो, जो काम करके दिखाए उसपर भरोसा करो।"

खड़गे ने पीएम मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि, "ये बगैर काम किए क्रिडेट लेते हैं। कहीं भी जाते हैं तो सिर्फ सेल्फी लेते हैं। कहीं भी जाओ सेल्फी। मजदूरों के पास जाओ तो सेल्फी, फॉरेन जाओ तो सेल्फी। आज 12 करोड़ लोग बेरोजगार हैं। MSME छोटे कारोबार बंद हो रहे हैं। हमें आज अपना लोकतंत्र बचाना है, संविधान बचाने के लिए काम करना है। आप संविधान नहीं बचाएंगे तो तानाशाह आएगा और सबको खत्म कर देगा। संसद को भी इस सरकार ने रबर स्टांप बना दिया है। हमारे 15 संसद सदस्यों को नोटिस भेजा गया। एक महिला सदस्य को सस्पेंड कर दिया क्योंकि वह गरीबों का आवाज उठा रही थी।"

यह भी पढ़ें: संसद में दिग्विजय सिंह के सवालों का जवाब नहीं दे सकी सरकार, कांग्रेस नेता ने अब अमित शाह को लिखा पत्र

अडानी को निशाने पर लेते हुए खड़गे ने कहा, "उनकी संपत्ति साल 2004 में 3 हजार करोड़ थी। साल 2014 तक यह 50 हजार करोड़ हो गई। साल 2020 में कोविड काल में जब सबको नुकसान हुआ तब अडानी की संपत्ति बढ़कर 2 लाख करोड़ हो गई। उसके बाद अगले ढाई साल में यह बढ़कर 12 लाख करोड़ हो गई। पीएम मोदी के पास ऐसी गोली है जिसे खाते ही आप ढाई साल में 12 लाख करोड़ कमा सकते हो। यही मुद्दा दिग्विजय सिंह साहब ने राज्यसभा में उठाया था। लोकसभा में राहुल ने उठाया था। लेकिन उनके भाषण को हटा दिया गया। जबकि उसमें कुछ भी असंसदीय नहीं था।"

खड़गे ने कहा, "राहुल गांधी ने लोकसभा में पीएम मोदी से क्या पूछ लिया जो भाषण को काट दिया गया? यही कि आपके विदेशी दौरे में अडानी कितनी बार आपके साथ गए हैं? कितनी बार बाद में ज्वाइन किए? आपके दौरे के तुरंत बाद कितने देशों में गए? यानी मोदी का इधर से आना और उधर अडानी का जाना। इन देशों में कहा कहां अडानी को ठेका मिला? ये उन्होंने संसद पूछा लेकिन उसे कार्यवाही से बाहर निकाल दिया गया। मैने भी राज्यसभा में यही पूछा वो भी निकाल दिए। पब्लिक के पैसे से पब्लिक की प्रॉपर्टी खरीदो। आज देश में यही हो रहा है। एलआईसी से बैंकों से पब्लिक के पैसे ले लो और पोर्ट खरीदो, एयरपोर्ट खरीदो, सब खरीदो।"

खड़गे ने आगे कहा, "संसद में हम JPC की मांग कर रहे थे। मैने एक शायरी कही थी उसे भी रिकॉर्ड से निकल दिया। अरे भाई शायरी तो किसी और ने लिखी थी, उसे क्यों निकाला? मैने शेर सुनाया कि 'नजर नहीं है नजारों की बात करते हैं, ज़मीं पे चाँद-सितारों की बात करते हैं। वो हाथ जोड़कर बस्ती को लूटने वाले, भरी सभा में सुधारों की बात करते हैं। बड़ा हसीन है उनकी जबान का जादू, लगा के आग बहारों की बात करते हैं। मिली कमान तो अटकी नज़र ख़जाने पर, नदी सुखा के किनारों की बात करते हैं।वही गरीब बनाते हैं आम लोगों को, वही नसीब के मारों की बात करते हैं। आप बताएं इसमें असंसदीय किया है।'

खड़गे ने आगे कहा, "आज देश में रोज 105 मजदूर आत्महत्या करता है। साल 2019 से लेकर 2021 के बीच 1 लाख 12 हजार दिहाड़ी मजदूरों ने आत्महत्या की। सरकार को कोई चिंता नहीं है। सरकार दावा करती है हर तरफ हरियाली है। हमें आजादी 1947 में मिली थी। बीजेपी को लगता है 2015 में मिली। उन्हें क्या पता होगा... उनका कोई नेता था ही नहीं आजादी की लड़ाई में। उन्होंने कुछ किया ही नहीं देश को आजादी दिलाने में। कांग्रेस के लोग जेल गए, गोलियां झेली, लाठी खाए... उन्होंने क्या किया? आजादी के बाद कांग्रेस सरकार ने ग्रीन रिवोल्यूशन लाया.. व्हाइट रिवोल्यूशन लाया। एक दाना जब देश में नहीं था... तब इंदिरा गांधी सरकार ने ग्रीन रिवोल्यूशन लाया। आज देश के गोदामों में अनाज भरा है वह ग्रीन रिवोल्यूशन के कारण है और वही राशन गरीबों को बंट रहा है। बनाया हमने, उगाया हमने और उसमें से पांच किलो देकर हमसे पूछते हैं कि 70 सालों में आपने किया क्या? अरे हम कुछ नहीं करते तो नरेंद्र मोदी पीएम भी नहीं बनते।"

खड़गे ने कहा, "आज वह मोबाइल की बात करते हैं कि हमे 120 करोड़ हाथों में मोबाइल दिया। देश में कंप्यूटर राजीव गांधी ने लाया था। उस वक्त आप विरोध करते थे। हमारी लाई हुई टेक्नोलॉजी से सेल्फी खींचकर हमें ही दिखा रहे हो? तुम्हारा क्या है? कुछ नहीं है। ये प्रजातंत्र है। 2024 में कांग्रेस और अन्य पार्टियां मिलकर सरकार बनाएंगे। सबकी सरकार होगी। आप संसद में छाती ठोकते हैं कि मोदी एक तरह सारा विपक्ष एक तरफ... इतना घमंड ठीक नहीं।जो आदमी खुद घमंड से बात करता है जनता उसको सहन नहीं करेगी। ये लोकतंत्र है। नेहरू ने कहा था जो व्यक्ति अपने ही गुणों का बखान करता है वो सबसे कम गुणी होता है।"