लखनऊ के लेवाना होटल में लगी भीषण आग, 2 की मौत, 15 अभी भी फंसे

लखनऊ के हजरतगंज के होटल लेवाना में सोमवार सुबह आग लग गई है। जब आग लगी, तब होटल के अंदर कई गेस्ट मौजूद थे। उन्हें खिड़की तोड़कर बाहर निकाला जा रहा है।

Updated: Sep 05, 2022, 05:02 AM IST

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित लेवाना होटल में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। यह होटल लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित है। लेवाना होटल में आग लगने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि होटल के कमरों में कई लोग फंसे हुए हैं। वहीं कई लोगों के आग से झुलसने की भी खबर सामने आ रही है। होटल में फंसे हुए लोगों को खिड़कियों को तोड़कर निकाला जा रहा है।

इस अग्निकांड में 2 लोगों की मौत हो गई है। यहां कई लोग फंसे हैं, इन्हें खिड़की तोड़कर निकालने की कोशिशें जारी हैं। अब तक 18 लोगों को निकाला गया है। 15 के भीतर फंसे होने की खबर है।

आग लगने के बाद होटल से भारी धुंआ निकलता दिख रहा है। दमकल के कर्मचारी सीढ़ी लगाकर खिड़कियों से लोगों को बाहर निकाल रहे हैं। आग बुझाने और बचाव कार्य जारी है। मौके पर तीन एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं। सुरक्षाकर्मी अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए मास्क लगाकर होटल के अंदर गए हैं। 

लेवाना होटल लखनऊ के सबसे पॉश इलाके हजरतगंज में स्थित है। ये लखनऊ रेलवे स्टेशन से मात्र 10 मिनट की दूरी पर है। होटल के पास में ही हजरतगंज मेट्रो स्टेशन भी है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों की माने तो होटल में लगी आग काफी भीषण है। वहीं होटल के अंदर काफी लोग हैं। लोगों को इमरजेंसी एग्जिट तोड़कर बाहर निकाला जा रहा है।