मुंबई पुलिस ने फर्जी पुलिस अधिकारी को किया गिरफ्तार, पान दुकानदारों से करता था उगाही
फर्जी अधिकारी विदेश सिगरेट रखने के नाम पर दुकानदारों से वसूली करता था, ट्रैफिक पुलिस को उसकी हरकतें देखकर शक हुआ जिसके बाद साकीनाका पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया

मुंबई। मुंबई पुलिस ने एक फर्जी पुलिस अधिकारी को गिरफ्तार किया है। यह अधिकारी विदेशी सिगरेट रखने के नाम पर पान दुकानदारों से उगाही किया करता था। ट्रैफिक पुलिस को उसकी हरकतें देखकर शक हुआ जिसके बाद यह फर्जी अधिकारी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
गिरफ्तार किए गए फर्जी अधिकारी का नाम कैलाश खामकर है। उसके पास से पुलिस को फेक आईडी भी बरामद हुई है। इसी आईडी को दिखाकर वह दुकानदारों से उगाही किया करता था। इसके साथ ही पुलिस को उसके पास से विदेशी सिगरेट के पैकेट भी बरामद हुए हैं।
मुंबई पुलिस के मुताबिक यह व्यक्ति फेक आईडी दिखाकर दुकानदारों पर रौब जमाता था। वर्दी में होने के चलते दुकानदार भी इसके पुलिस अधिकारी होने का यकीन कर लेते थे। लेकिन आरोपी को यह नहीं पता था कि पद के हिसाब से उसकी वर्दी पर कितने सितारे होने चाहिए।
ट्रैफिक पुलिस को इसकी गतिविधियों पर शक हुआ। जिसके बाद साकीनाका पुलिस ने इस फर्जी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया।