बिहार के मुजफ्फरपुर में कुरकुरे नूडल्स फैक्ट्री में फटा बॉयलर, हादसे में कम से कम 6 मजदूरों की मौत

मुजफ्फरपुर के बेला क्षेत्र में रविवार सुबह हुआ हादसा, कुरुकुरे नूडल्स फैक्ट्री में काम कर रहे थे लगभग 60 मजदूर, बॉयलर फटने के कारण शरीर के उड़े चिथड़े, मरने वालों की संख्या में हो सकता है इजाफा

Updated: Dec 26, 2021, 11:41 AM IST

पटना। बिहार के मुजफ्फरपुर में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। करीब दस बजे कुरकुरे नूडल्स फैक्ट्री में बॉयलर फट गया। जिस वजह से फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए। अब तक कम से कम 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। 

मुजफ्फरपुर के बेला औद्योगिक क्षेत्र में अचानक बॉयलर फटने की आवाज सुनकर लोग सहम उठे। बॉयलर फटने की आवाज इतनी तेज थी कि उसकी आवाज पांच किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। कुरकुरे नूडल्स फैक्ट्री के पास में ही स्थित चूड़ा और आटा फैक्ट्री भी क्षतिग्रस्त हो गई। 

यह भी पढ़ें : बॉलीवुड के दबंग सलमान को साँप ने काटा, सात घंटे तक मुंबई के अस्पताल में रहे भर्ती

बॉयलर फटने की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। हादसे घायल मजदूरों को एसकेएमसीएच अस्पताल ले जाया गया। जबकि मृतक मजदूरों के शवों की शिनाख्त करने का काम शुरू किया गया। जिलाधिकारी प्रणव कुमार ने इस हादसे में अब तक 6 मजदूरों की मृत्यु की पुष्टि है। हालांकि स्थानीय सूत्रों का दावा है कि मृतकों का आंकड़े में अभी और इजाफा हो सकता है।

यह भी पढ़ें : हमारी सामूहिक शक्ति ही कोरोना को परास्त करेगी, मन की बात में बोले पीएम मोदी

रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस वक्त फैक्ट्री में बॉयलर फटने से धमाका हुआ, उस वक्त फैक्ट्री में करीब 60 मजदूर काम कर रहे थे। अमूमन इस फैक्ट्री में तीन सौ मजदूर काम करते हैं। लेकिन रविवार के दिन छुट्टी होने की वजह से हादसे के वक्त 60 मजदूर फैक्ट्री में मौजूद थे। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह हादसा रविवार को छोड़कर किसी अन्य दिन होता तो मरने वाले लोगों की तादाद काफी ज्यादा हो सकती थी। 

एक महीने से खराब था बॉयलर 

स्थानीय सूत्रों ने बताया कि बॉयलर एक महीने से खराब था। फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर पिछले एक महीने से फैक्ट्री संचालक बॉयलर ठीक कराने की मांग कर रहे थे। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि फैक्ट्री संचालक की लापरवाही के कारण ही इतना बड़ा हादसा हुआ है। अगर फैक्ट्री संचालक की ओर से लापरवाही नहीं बरती जाती तो इस दुर्घटना को घटित होने से रोका जा सकता था।

मौके पर मौजूद इंकलाब उस्मानी ने बताया कि मरने वालों की तादाद बीस लोगों के आसपास है। व्यक्ति ने बताया कि उसने खुद अपनी आंखों से बड़ी संख्या में एंबुलेंस को जाते देखा है। उन्होंने बताया कि सुबह सुबह जब वे अपने मकान में थे, तब उन्हें पटाखे के फूटने की आवाज़ आई। लेकिन थोड़ी देर बाद ही उन्हें पता चला कि नूडल्स फैक्ट्री में बॉयलर फट गया है। इंकलाब ने बताया कि फैक्ट्री से उनका मकान लगभग चार किलोमीटर की दूरी पर है। लिहाज़ा ब्लास्ट कितना ज़ोर से हुआ होगा इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इतनी दूरी के बावजूद उनके कानों तक बॉयलर फटने की आवाज़ पहुंच गई। इंकलाब ने बताया कि फैक्ट्री के पास ही एक चूड़ा फैक्ट्री भी है, वह भी क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं एक हिंदी अखबार का कार्यालय भी इसी फैक्ट्री के पास स्थित है, बॉयलर फटने के कारण अखबार के कार्यालय को भी नुकसान पहुंचा है।