NTA के ट्रंक से चुराया गया था NEET-UG का पेपर, CBI ने पटना से दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

मंगलवार को पकड़े गए लोगों के नाम पंकज और राजू हैं, इन्होंने NTA के ट्रक से पेपर चुराया था। NEET-UG पेपर लीक केस में CBI अब तक 12 गिरफ्तारियां कर चुकी है।

Updated: Jul 16, 2024, 06:32 PM IST

पटना। NEET पेपर लीक मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। इसी बीच खबर सामने आई है कि NEET के पेपर NTA के ट्रंक से चुराए गए थे। CBI ने मंगलवार को इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए लोगों के नाम पंकज और राजू हैं। NEET-UG पेपर लीक केस में CBI अब तक 12 गिरफ्तारियां कर चुकी है।

पंकज को पटना और राजकुमार सिंह उर्फ राजू को झारखंड के हजारीबाग से पकड़ा गया है। पंकज पर NEET का पेपर चोरी करने का आरोप है। वहीं, राजू ने इसे आगे बढ़ाया। पंकज कुमार उर्फ आदित्य के बारे में जानकारी मिली है कि उसने 2017 में एनआईटी जमशेदपुर से सिविल इंजीनियरिंग की है। पंकज कुमार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के ट्रंक से पेपर चुराया था। इसके बाद पेपर को आगे बांटने के लिए दिया गया था। पंकज कुमार बोकारो का रहने वाला है।

CBI टीम 2 दिनों से हजारीबाग आना-जाना कर रही थी। टीम ने 15 जुलाई को हजारीबाग के रामनगर स्थित राज गेस्ट हाउस पर छापा मारा। इससे पहले राज गेस्ट हाउस के मालिक राजकुमार सिंह उर्फ राजू के कदमा स्थित घर में रेड की थी। टीम राजू को हिरासत में लेकर राज गेस्ट हाउस पहुंची। टीम ने उससे गेस्ट हाउस खोलने के लिए चाबी की मांग की। जब चाबी नहीं मिली तो टीम ने ताला तोड़ दिया। टीम ने गेस्ट हाउस को घंटों खंगाला। यहां से कई संदिग्ध दस्तावेज टीम के हाथ लगे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, हजारीबाग से गिरफ्तार हुए ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसान उल हक, वाइस प्रिंसिपल इम्तियाज आलम और जमालुद्दीन से राजू के तार जुड़े हुए हैं। पिछले दो दिनों से हजारीबाग में सीबीआई की टीम बेहद गोपनीय ढंग से इस पूरे मामले की जांच कर रही है।