पंजाब में बाढ़ से हाहाकार, 30 मौतें और ढ़ाई लाख लोग प्रभावित, राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं से की ये अपील

कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि राहत कार्य ही इस समय आपकी सर्वोच्च प्राथमिकता हो - यही आपका एकमात्र दायित्व है। हमें मिलकर पंजाब के लोगों का हाथ थामना है: राहुल गांधी

Updated: Sep 02, 2025, 01:58 PM IST

चंडीगढ़। पंजाब में बाढ़ से हालात भयावह हो गए हैं। राज्य में चारों तरफ तबाही का मंजर है। पिछले एक महीने से जारी बारिश के कारण सतलुज, ब्यास और रावी नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। इस वजह से पंजाब में बाढ़ की स्थिति और भयावह हो गई है। प्रदेश के लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हुए है। राज्य सरकार ने इसे दशकों में सबसे गंभीर प्राकृतिक आपदा करार दिया है। वहीं, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं से आपदा की इस स्थिति में लोगों की मदद करने की अपील की है।

राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'पंजाब में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि और व्यापक तबाही बेहद दुखद और पीड़ादायक है। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और फंसे हुए सभी लोगों की सलामती की कामना करता हूं। केंद्र और राज्य सरकार से अपील है कि राहत और बचाव कार्यों में और अधिक तेज़ी और मज़बूती लाई जाए। बर्बादी की भयावहता को देखते हुए सरकार को मिशन मोड में काम करना होगा।'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'किसानों, मज़दूरों, पशुपालकों और आम नागरिकों को तुरंत और प्रभावी सहायता मिलनी चाहिए। कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि राहत कार्य ही इस समय आपकी सर्वोच्च प्राथमिकता हो - यही आपका एकमात्र दायित्व है। हमें मिलकर पंजाब के लोगों का हाथ थामना है।'

बताया जा रहा है कि पंजाब में 1 अगस्त से अब तक बाढ़ के कारण 30 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि बाढ़ से करीब 2,56,107 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें कई गांव पूरी तरह जलमग्न हैं। साथ ही 1,300 से ज्यादा गांव प्रभावित हुए हैं। पठानकोट में सबसे ज्यादा 6 लोगों की मौत हुई है। वहीं, अमृतसर, बरनाला, होशियारपुर, लुधियाना, मानसा, रूपनगर- प्रत्येक जिलों में 3 मौतें हुईं हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है, जिसमें ₹60,000 करोड़ के फंसे हुए फंड और ₹50,000 प्रति एकड़ किसानों को राहत की मांग की है। वहीं, पीएम मोदी ने भी सीएम मान को फोन पर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।