लोकतंत्र की नहीं स्वार्थ की लड़ाई लड़ रहे हैं राहुल गांधी, ज्योतिरादित्य सिंधिया का तीखा हमला

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि विपक्ष के नेता एक समुदाय को अपमानित न करे, कहे कि पूरा समुदाय चोर है। कांग्रेस ने पिछड़े वर्ग को कलंकित करने का काम किया है।

Updated: Apr 05, 2023, 12:04 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस से पाला बदलकर बीजेपी में जाने के बाद सिंधिया के व्यक्तित्व में काफी परिवर्तन आई है। बीजेपी में जाते ही ज्योतिरादित्य सिंधिया भी बड़बोलेपन के शिकार हो गए हैं। इस बार सिंधिया ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर बयानबाजी की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र की नहीं बल्कि स्वार्थ की लड़ाई लड़ रहे हैं।

सिंधिया ने कहा कि, 'कांग्रेस एक नए लो पर जा रही है। ये लोकतंत्र की नहीं स्वार्थ की लड़ाई लड़ रहे हैं। पहली बार नहीं है कि जब किसी सांसद की सदस्य बर्खास्त की गई हो। पहले भी ऐसा हुआ है। लेकिन इस बार इतना हंगामा क्यों। हमारी संसद को चलने नहीं दिया जा रहा है। काले कपड़े पहनकर क्यों आ रहे हैं?'

यह भी पढ़ें: मज़बूत लोकतंत्र के लिए प्रेस का स्वतंत्र होना ज़रूरी, राज्य नहीं लगा सकता अनावश्यक पाबंदी : सुप्रीम कोर्ट

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आगे कहा कि पहले कभी कांग्रेस पार्टी ने इस तरह नहीं किया। इस बार ऐसा करने का कारण है कि राहुल गांधी को विशेष सत्कार दिया जा रहा है। जमानत के लिए गए थे, तब पूरी कांग्रेस की फौज उनके साथ थी। जमानत के लिए जो जाता वो क्या अपने साथ नेताओं की फौज लेकर जाता है, क्या ये अदालत के ऊपर दबाव नहीं है? ट्रेन रोक रहे हैं, आम लोगों के आवागमन में रोड़े अटकाए गए... क्या ये गांधीवादी हैं?

कांग्रेस पर बरसते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि विपक्ष के नेता एक समुदाय को अपमानित न करे... ये न कहे कि पूरा समुदाय चोर है। कांग्रेस ने पिछड़े वर्ग को कलंकित करने का काम किया है। वीरता का सबूत मांगा है। ऐसी कांग्रेस पार्टी की कोई विचारधारा नहीं है। बस उनकी देशद्रोह की विचारधारा है।