रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह को फिर मिली धमकी, फिरौती नहीं देने पर मैनेजर को निशाना बनाने की चेतावनी
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और निर्देशक रोहित शेट्टी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से फिर धमकी मिली है। वॉइस नोट में शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हुए स्टाफ और परिवार को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई।
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्ममेकर रोहित शेट्टी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। कथित तौर पर लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के नाम से भेजे गए वॉइस नोट में दोनों से शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया है और बात न मानने पर उनके स्टाफ व मैनेजरों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
धमकी भरे संदेश में अभिनेता का नाम लेते हुए दावा किया गया है कि पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह उनके मैनेजरों ने ही दी थी। ऑडियो में कहा गया कि दोनों के मैनेजर कहां रहते हैं, कब आते जाते हैं और उनके परिवार की गतिविधियों तक की जानकारी गैंग के पास है। संदेश में चेतावनी दी गई कि अगर बात नहीं मानी गई तो एक-एक कर कर्मचारियों को निशाना बनाया जाएगा। साथ ही सात पुश्तें भी कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगी जैसी धमकी भरी भाषा का भी इस्तेमाल किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह ऑडियो सबसे पहले मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए सामने आया और उसी आधार पर जांच शुरू की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ऑडियो वास्तव में किसी संगठित गैंग से जुड़ा है या नहीं इसकी पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल साइबर और क्राइम ब्रांच टीम धमकी भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं।
जांच से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि धमकी वॉट्सएप वॉइस नोट के माध्यम से भेजी गई थी। जिसमें करोड़ों रुपये की फिरौती की मांग भी की गई थी। आरोपी ने कथित तौर पर खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क से जुड़ा बताया। धमकी मिलने के बाद अभिनेता के बांद्रा स्थित घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। जबकि, परिवार और स्टाफ की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है। बताया गया कि सुरक्षा एहतियात के तौर पर अभिनेता और उनकी पत्नी दीपिका पादुकोण के आवास के आसपास अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
यह मामला उस फायरिंग घटना से जुड़ा माना जा रहा है जो 31 जनवरी की देर रात मुंबई के जुहू इलाके में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई थी। पुलिस के मुताबिक, नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल के पास रात करीब 12:45 बजे हमलावरों ने पांच राउंड गोलियां चलाई थी। जिसमें से एक गोली इमारत के जिम के शीशे से टकराई थी। घटना के बाद एक फरवरी को चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था और पूछताछ अब भी जारी है।
फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर सामने आई एक पोस्ट में हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पोस्ट में कहा गया था कि पहले भी चेतावनी दी गई थी और यह छोटा ट्रेलर है। जबकि, आगे न मानने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। साथ ही फिल्म इंडस्ट्री को भी चेतावनी देने जैसी बातें लिखी गई थी।
ध्यान देने वाली बात यह भी है कि हाल के दिनों में अभिनेता की फिल्म की ओटीटी रिलीज और आगामी प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा के बीच यह धमकी सामने आई है जिससे उनके प्रशंसकों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले को संगठित अपराध, जबरन वसूली और धमकी के एंगल से जांच रही है तथा सभी डिजिटल और कॉल रिकॉर्ड्स की पड़ताल की जा रही है।




