सहारा इंडिया ग्रुप के प्रमुख सुब्रत रॉय का निधन, 75 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

देश के बड़े औद्योगिक घराने सहारा ग्रुप के चेयरमैन सहाराश्री सुब्रत राय सहारा का निधन हो गया है। उद्योग जगत में सहाराश्री के निधन से शोक की लहर दौड़ गई है।

Updated: Nov 15, 2023, 08:38 AM IST

मुंबई। मशहूर बिजनेसमैन व सहारा इंडिया ग्रुप के प्रमुख सुब्रत रॉय का मंगलवार देर रात निधन हो गया।उन्होंने 75 साल की उम्र में मुंबई में अंतिम सांस ली। सुब्रत रॉय काफी दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे और उनका इलाज मुंबई के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। सुब्रत रॉय का पार्थिव शरीर बुधवार बुधवार को लखनऊ के सहारा शहर लाया जायेगा। यहां उन्हें आखिरी विदाई दी जाएगी।

सुब्रत रॉय के निधन से उद्योग जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। सुब्रत रॉय के निधन की पुष्टि करते हुए सहारा इंडिया परिवार ने बयान जारी किया है। इसमें लिखा है, 'सहारा इंडिया परिवार को अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि हमारे मैनेजिंग वर्कर और चेयरमैन सहाराश्री सुब्रत रॉय सहारा का निधन हो गया है। सहाराश्री जी एक प्रेरणादायक और दूरदर्शी व्यक्तित्व थे। मेटास्टैटिक मैलिंगनैंसी, हाई ब्लड प्रेशर और शुगर की बीमारियों के साथ एक लंबी लड़ाई के बाद कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट के कारण 14 नवंबर 2023 को रात 10.30 बजे उनका निधन हो गया।' 

जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य में गिरावट के बाद उन्हें 12 नवंबर 2023 को कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल और मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (केडीएएच) में भर्ती कराया गया था। हालांकि, बीमारी से लड़ते हुए उन्होंने दम तोड़ दिया। सुब्रत रॉय के परिवार में पत्नी स्वप्ना रॉय और दो बेटे सुशांतो रॉय और सीमांतो रॉय हैं। सुब्रत रॉय सहारा का जन्म 10 जून 1948 को हुआ था। वे भारत के प्रमुख कारोबारी और सहारा इंडिया परिवार के फाउंडर थे। उन्हें देशभर में 'सहाराश्री' के नाम से भी जाना जाता था।