कांग्रेस के सीनियर नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी बीजेपी में शामिल, जनवरी में छोड़ी थी पार्टी

कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी गुरुवार को बीजेपी में शामिल हो गए। भाजपा नेता पीयूष गोयल, वी मुरलीधरन और पार्टी की केरल इकाई के प्रमुख के सुरेंद्रन ने उनका पार्टी में स्‍वागत किया।

Updated: Apr 06, 2023, 04:30 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी ने गुरुवार को बीजेपी का दामन थाम लिया। अनिल एंटोनी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, वी मुरलीधरन, केरल बीजेपी अध्यक्ष के सुरेंद्रन की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हुए। वे इससे पहले केरल कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के पूर्व संयोजक थे। बीबीसी डॉक्युमेंट्री विवाद के बाद अनिल एंटनी ने जनवरी में कांग्रेस छोड़ दी थी।

भाजपा नेता पीयूष गोयल, वी मुरलीधरन और पार्टी की केरल इकाई के प्रमुख के सुरेंद्रन ने आज एक औपचारिक कार्यक्रम में पूर्व कांग्रेस नेता का अपनी पार्टी में स्वागत किया। अनिल एंटनी के पिता एके एंटनी दिग्‍गज कांग्रेस नेता हैं जो केंद्रीय रक्षा मंत्री और केरल के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि अनिल एंटनी का भारतीय जनता पार्टी में स्‍वागत है। उन्‍होंने कहा कि अनिल एंटनी एक बहुआयामी व्यक्तित्व हैं। उनके विचार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों के समान हैं।

बीजेपी ज्वाइन करने के उपरांत अनिल एंटनी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के पास अगले पच्चीस साल में देश को विकसित देश बनाने के लिए एक विज़न है। एक भारतीय युवा होने के नाते मुझे ऐसा लगता है कि यह मेरी जिम्मेदारी और कर्तव्य है कि मैं प्रधानमंत्री के राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता के दृष्टिकोण में अपना योगदान दूं।

यह भी पढ़ें: विपक्षी सांसदों का संसद से विजय चौक तक तिरंगा मार्च, कांग्रेस बोली- लोकतंत्र खत्म कर रही है मोदी सरकार

अनिल एंटनी ने कहा कि, ''मेरा विश्वास है कि धर्म रक्षति रक्षत। आजकल कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मानते हैं कि उनका धर्म एक परिवार के लिए काम करना है लेकिन मेरा मानना है कि राष्ट्र के लिए काम करना है। प्रधानमंत्री जी के पास भारत को प्रसिद्ध बनाने के लिए एक अच्छी दृष्टिकोण है। नड्डा जी, अमित शाह जी के पास समाज में अच्छा काम करने की इच्छाशक्ति है। मैं राष्ट्र को सुदृढ़ बनाने के लिए काम करूंगा।

अनिल एंटनी ने आगे कहा कि, ''मैं अपने पिता एके एंटनी का बहुत सम्मान करता हूं। पूरा परिवार मेरे साथ है। इस पर कोई राजनीतिक बात नहीं कहना चाहता लेकिन मैं उनसे बहुत प्यार करता हूं।" पार्टी छोड़ने से पहले अनिल एंटनी केरल में कांग्रेस का सोशल मीडिया सेल चलाते थे। उन्होंने पार्टी छोड़ने से पहले बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री को भारत के खिलाफ पक्षपातपूर्ण कहा था। अनिल एंटनी ने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से एमएससी और कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग त्रिवेंद्रम से बीटेक किया है।