कड़ाके की सर्दी से ठिठुरा उत्तर भारत, रेल और हवाई यातायात पर असर, दिल्ली में 9 घंटे तक विजिबिलिटी जीरो
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण पूरे उत्तर भारत में ठंड का असर तेज हो रहा है। पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में ठंड से 8 लोग और बिहार में 2 लोगों ने जान गंवाई।
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी के बीच शीतलहर और घने कहरे की मार जारी है। शहर में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे गलन और बढ़ गई है। देश के 14 राज्यों में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा देखने को मिल रहा है। दिल्ली में शनिवार को 9 घंटे तक विजिबिलिटी जीरो दर्ज की गई।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के कारण पूरे उत्तर भारत में ठंड का असर तेज हो रहा है। पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश में ठंड से 8 लोग और बिहार में 2 लोगों ने जान गंवाई। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम हो गई, जिससे सड़क यातायात, ट्रेन सेवाओं और उड़ानों पर असर पड़ा है।
कोहरे की वजह से 3 और 4 जनवरी को दिल्ली में 800 से ज्यादा फ्लाइट लेट हुईं। रविवार सुबह भी 114 फ्लाइट निर्धारित समय पर नहीं उड़ सकीं। यानी 3 दिनों में 900 से ज्यादा फ्लाइट्स प्रभावित हुईं।केवल हवाई उड़ाने ही नहीं बल्कि कई ट्रेनें भी कोहरे के कारण लेट चल रही हैं और यात्रियों के लिए यह कोहरा इस वजह से बड़ी समस्या बन गया है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर आने और जाने वाली 51 ट्रेनें कोहरे के कारण लेट चल रही हैं।
फिलहाल कड़ाके की सर्दी से राहत मिलती दिखाई नहीं दे रही है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी को लेकर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। आईएमडी ने लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में आज धुंध और मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में घना कोहरा और आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर में दक्षिण-पूर्व से हवा की गति बढ़कर 8-10 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की उम्मीद है, लेकिन शाम और रात तक यह 6 किमी प्रति घंटे से कम हो सकती है।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में ठंड से फिलहाल राहत है। राजस्थान के कुछ जिलों में रविवार को बारिश की संभावना है। वहीं, MP में 2 दिन बाद सर्दी बढ़ने की संभावना है। कई जिलों में तापमान 2 से 3 डिग्री गिर सकता है। मौसम विभाग ने कश्मीर और चिनाब घाटी में भारी बर्फबारी का अनुमान जताया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के भी 7 जिलों में भारी बर्फबारी के आसार हैं।