UP में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा, 6 श्रमिकों की दर्दनाक मौत, कई मलबे में दबे

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में भीषण तूफान के कारण निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा ढह गया, जिससे मलबे के नीचे दबकर छह मजदूरों की मौत हो गई। कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है।

Updated: May 29, 2026, 11:26 AM IST

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बड़ा हादसा हो गया। यहां भीषण तूफान के कारण निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा ढह गया, जिससे मलबे के नीचे दबकर छह मजदूरों की मौत हो गई। कई अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस बल और स्थानीय निवासी घटनास्थल पर बचाव अभियान चला रहे हैं।

हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब शुक्रवार देर रात 2 बजे गिर गया। स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) ने मलबे में फंसे 3 मजदूरों को निकाला। साढ़े 7 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। बताया जा रहा है कि आंधी-बारिश के कारण स्लैब गिरा और नीचे सो रहे मजदूर दब गए।

हादसा शहर से 25 किमी दूर ललपुरा इलाके में हुआ। मृतकों में 4 बांदा और 2 हमीरपुर के रहने वाले थे। SDRF के अधिकारियों ने बताया कि ढाई बजे से शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है, लेकिन ऐहतियात के तौर पर अभी भी मलबा हटाया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं कोई और मजदूर दबा न हो।

हमीरपुर के एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि 28 और 29 मई की मध्यरात्रि करीब 2 बजे सूचना मिली कि थाना लालपुर क्षेत्र के मोराकंदर और कुरारा की मवाईजार को जोड़ने के लिए बन रहे पुल का स्लैब गिर गया है, जिसके नीचे कुछ लोग दब गए हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और हम सभी तत्काल मौके पर पहुंच गए। 

उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम पुल का निर्माण करवा रहा है। इसकी लागत 90 करोड़ रुपए है। 700 मीटर लंबा दो लेन का ब्रिज मोराकांड से कुरारा गांव के बीच बनाया जा रहा है। इसका निर्माण मार्च 2024 में शुरू हुआ था। दिसंबर 2026 तक इसे पूरा किया जाना है। लेकिन मामूली आंधी में स्लैब का गिरना अब पूरे निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।