सेना का अपमान अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण, भाजपा नेताओं के बिगड़े बोल पर बरसीं प्रियंका गांधी
पूरे देश की जनता सेना के शौर्य पर गौरवान्वित है लेकिन भाजपा के लोग सेना को अपमानित कर रहे हैं और भाजपा अपने इन नेताओं पर कार्रवाई करने की जगह उन्हें बचाने में पूरा जोर लगा रही है: प्रियंका गांधी

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में मंत्री विजय शाह के शर्मनाक बयान के बाद बाद अब डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने विवादास्पद टिपण्णी की है। ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बोलते हुए उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि देश की सेना नरेंद्र मोदी के चरणों में नतमस्तक है। भाजपा नेताओं के बयान पर विपक्ष हमलावर है और अब दोनों के इस्तीफे की मांग कर रही है।
इस मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रियंका गांधी ने एक एक्स पोस्ट में लिखा, 'भाजपा के नेताओं की ओर से लगातार हमारी सेना का अपमान अत्यंत शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। पहले मध्य प्रदेश के एक मंत्री ने महिला सैनिकों पर अभद्र टिप्पणी की और अब उनके उपमुख्यमंत्री ने सेना का घोर अपमान किया है।'
प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि पूरे देश की जनता सेना के शौर्य पर गौरवान्वित है लेकिन भाजपा के लोग सेना को अपमानित कर रहे हैं और भाजपा अपने इन नेताओं पर कार्रवाई करने की जगह उन्हें बचाने में पूरा जोर लगा रही है। कांग्रेस महासचिव ने पूछा कि भाजपा ऐसा करके हमारी सेना और देशवासियों को क्या संदेश देना चाहती है?
दरअसल, जगदीश देवड़ा ने शुक्रवार को जबलपुर स्थित नेता जी सुभाष चंद्र बोस कन्वेंशन सेंटर में सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम में यह विवादित बयान दिया है। उनका बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वे कहते हैं, 'पीएम मोदी को हमें धन्यवाद देना चाहिए। पूरा देश और देश की वो सेना उनके चरणों में नतमस्तक है। उनके चरणों में पूरा देश नतमस्तक है। उन्होंने जो जवाब दिया है उसकी जितनी सराहना की जाए वो कम है।'
इससे पहले प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री विजय शाह भी कर्नल सोफिया कुरैशी के विरुद्ध शर्मनाक बयान को लेकर विवादों में घिर चुके हैं। कांग्रेस शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदेशभर में लगातार प्रदर्शन कर रही है। इसी बीच अब उप मुख्यमंत्री के इस कथन ने बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।