बिहार में एक और कारनामा, उद्घाटन से दो दिन पहले ही ढहा 13 करोड़ की लागत से निर्मित पुल

मुख्यमंत्री नाबार्ड योजना के तहत 206 मीटर लंबा बनाया गया था, लेकिन पुल का उद्घाटन नहीं हो सका। उद्घाटन के दो दिन पहले ही पुल का एक हिस्सा टूट गया।

Updated: Dec 19, 2022, 01:55 PM IST

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां गंडक नदी पर निर्मित एक पुल उद्घाटन से दो दिन पहले ही टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है।

जानकारी के मुताबिक इस पुल का निर्माण मुख्यमंत्री नाबार्ड योजना के तहत किया गया था। 206 मीटर लंबे इस पुल के निर्माण कार्य में 13 करोड़ रुपए खर्च हुए। लेकिन पहुंच पथ नहीं होने के कारण पुल का उद्घाटन नहीं हो सका था। कुछ दिनों पहले ही पुल के अगले हिस्से में दरार देखी गई थी। फिर 15 दिसंबर को पुल में आई दरार को लेकर अधिकारियों को पत्र लिखा गया था और रविवार सुबह पुल का एक हिस्सा टूट कर गिर गया।

यह भी पढ़ें: नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं, अलवर में बोले राहुल गांधी

पुल का पाया नंबर दो और तीन के बीच का हिस्सा टूटा है। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के आहोक गंडक घाट किनारे से आकृति टोला चौकी और बिशनपुर के बीच 206 मीटर के पुल का निर्माण हुआ था। निर्माण कार्य साल 2016 में शुरू हुआ था और साल 2017 में पूरा हो गया था। लेकिन उद्घाटन होने से पहले ही इसमें दरार आने लगी थी और पुल के बीच हिस्सा पूरी तरह से टूट कर गंडक नदी में जा गिरा।

मामले पर साहेबपुर कमाल के विधायक ललन यादव ने कहा कि इस पुल निर्माण में घोर अनियमितता बरती गई। गनीमत रही कि पुल सुबह 5 बजे के पहले गिरा, वरना उद्घाटन के बगैर भी इस पुल से ट्रैक्टर तक गुजर रहे थे। दिन के समय गिरता तो भारी जानमाल का नुकसान हो सकता था।