नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं, अलवर में बोले राहुल गांधी

राजस्थान सीएम अशोक गहलोत का बड़ा ऐलान, अब 500 रुपए में मिलेगा गैस सिलेंडर, राहुल गांधी बोले- गरीबों के लिए सबसे बेहतर स्कीम राजस्थान में है।

Updated: Dec 20, 2022, 03:19 AM IST

अलवर। राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा अब राजस्थान में अपने अंतिम पड़ाव पर है। यात्रा दौसा जिले से होकर सोमवार को अलवर में प्रवेश कर गई है। यहां राहुल गांधी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं।

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'मुझे भाजपा वाले बुरे नहीं लगते। मैं रास्ते में जाता हूं तो इशारा करके पूछते हैं कि क्या कर रहे हो? मैं उन्हें जवाब देना चाहता हूं कि नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहा हूं। आइए आप भी बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलिए। महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, सरदार पटेल, डॉ आंबेडकर सबने नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोली थी।'

राहुल गांधी ने यहां गहलोत सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि गरीबों के लिए सबसे बेहतर स्कीम राजस्थान में हैराजस्थान से पहले सभी राज्य में लोग कहते थे कि हमें किडनी ट्रांसप्लांट करवाना है, पैसा नहीं है। राजस्थान में ऐसा नहीं होता। कल दो लोग मिले। उन्होंने बताया कि मुफ्त में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ। चिरंजीवी योजना ने लाखों लोगों का दर्द मिटाया है, इसे पूरे देश में लागू करना चाहिए।

राहुल गांधी ने महात्मा गांधी अंग्रेजी मीडियम स्कूल योजना के लिए भी गहलोत सरकार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि, 'भाजपा नेताओं के बच्चे अंग्रेजी मीडियम स्कूल में जाते हैं और भाषण देते हैं कि अंग्रेजी मत सीखो। वे नहीं चाहते कि गरीब अंग्रेजी सीखें। वे नहीं चाहते कि आप बड़े सपने देखो। मजदूरी से बाहर निकलो। मैं यह नहीं कर रहा हूं कि हिंदी नहीं पढ़नी चाहिए। हिंदुस्तान की सब भाषाएं पढ़नी चाहिए, लेकिन अमेरिका, इंग्लैंड, जापान सहित बाकी दुनिया से बात करने के लिए हिंदी काम नहीं आएगी, अंग्रेजी ही काम आएगी। इसीलिए राजस्थान में 1700 अंग्रेजी मीडियम स्कूल शुरू किए गए हैं, लेकिन यह कम है। राजस्थान के हर बच्चे को अंग्रेजी पढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।'

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस नेताओं को एकजुट होकर रहने की नसीहत दी। खड़गे ने कहा कि, 'अध्यक्ष होने के नाते कह रहा हूं कि एक होकर काम करेंगे तो कोई आपको हरा नहीं पाएगा। पार्टी के नेता इसे मजबूत रखें। देश में लोगों को बांटा जा रहा है। संसद में चीन के मुद्दे पर चर्चा करने से सरकार भाग रही है। संविधान को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। खड़गे ने कहा कि 30 लाख नौकरियां पूरे देश में खाली हैें, लेकिन केंद्र सरकार भर्ती नहीं कर रही है। भाजपा सरकार चंद लोगों को और अमीर बनाने की कोशिश कर ही है और गरीबों को परेशान कर रही है।'

इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घोषणा की कि राजस्थान में अब 500 रुपए में गैस सिलेंडर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि, 'हम एक कैटेगरी बना रहे हैं। इस कैटेगरी के लोगों को एक हजार 50 रुपए का घरेलू रसोई गैस सिलेंडर बीपीएल परिवारों को 500 रुपए में देंगे। सिलेंडर अप्रैल से राज्य में मिलेगा।' वहीं सचिन पायलट ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा जिस संकल्प के साथ चली है, उसे मैं सलाम करता हूं। यात्रा ने जोड़ने का काम किया है। कुछ लोगों को यह यात्रा रास नहीं आ रही है। चार दिसंबर को कमलनाथ ने चुनौती दी थी लेकिन राजस्थान ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।