UP: पत्रकार विक्रम जोशी को बेटियों के सामने मारी गोली

Ghaziabad Journalist Vikram Joshi Murder: भांजी से छेड़खानी के खिलाफ FIR दर्ज कराने पर बदमाशों ने मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

Publish: Jul 22, 2020, 09:10 PM IST

लखनऊ। गाजियाबाद के पत्रकार विक्रम जोशी की आज सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई है। विक्रम जोशी को  बदमाशों के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करवाने पर गोली मार दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने अबतक 9 आरोपियों को गिरफ़्तार किया है। 

जानकारी के मुताबिक, तीन दिन पहले आरोपी युवकों ने पत्रकार विक्रम जोशी की भांजी पर अश्लील फब्तियां कसी थी। इस विवाद में  मारपीट भी हुई थी। छेड़छाड़ के बाद विजय नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। सोमवार रात पत्रकार विक्रम जोशी अपनी दो बेटियों के संग बाइक पर जा rhe थे तभी हमला हुआ। उनकी बेटी ने मीडिया को बताया की पापा बाइक चला रहे थे, इसी दौरान जब बाइक सड़क पर आई तो कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और बाइक गिरा दी। जब पापा ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे लोग पापा को मारने लगे। इस दौरान कार के पास ले जाकर एक हमलावर ने उनको गोली मार दी। इसके बाद हमला करने वाले फरार हो गए।
पत्रकार विक्रम जोशी के भाई अनिकेत जोशी के अनुसार रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद से ही आरोपी युवक लगातार धमकी दे रहे थे। मुकदमा होने के 3 दिन बाद तक पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। 

प्रियंका गांधी ने उठाए सवाल 

यूपी में बढ़ते अपराध पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर सवाल उठाए हैं। प्रियंका ने ट्वीट किया है कि गाजियाबाद NCR में है। यहां कानून व्यवस्था का ये आलम है तो आप पूरे यूपी में कानून व्यवस्था के हाल का अंदाजा लगा लीजिए।

प्रियंका ने लिखा है कि एक पत्रकार को इसलिए गोली मार दी गई क्योंकि उन्होंने भांजी के साथ छेड़छाड़ की तहरीर पुलिस में दी थी। इस जंगलराज में कोई भी आमजन खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा?