मणिपुर में हिंसा जारी, छुट्टी पर आए सेना के जवान की घर से अगवा कर निर्मम हत्या

भारतीय सेना के एक जवान का शव रविवार को इम्‍फाल पूर्वी जिले में मिला। पुलिस ने बताया क‍ि इस जवान को शनिवार को कुछ हथियारबंद लोगों ने अपहरण कर लिया था। पुल‍िस का कहना है क‍ि जवान का शव गोल‍ियों से छलनी क‍िया गया है।

Updated: Sep 18, 2023, 08:48 AM IST

इम्फाल। पूर्ववर्ती राज्य मणिपुर पिछले ढाई महीने से हिंसा की आग में झुलस रहा है। राज्य में हिंसा रोकने की तमाम कोशिशें नाकामयाब साबित हो रही है। रविवार को यहां एक और दिल दहलाने वाली घटना हुई। यहां छुट्टी पर आए भारतीय सेना के एक जवान की अगवा करके हत्‍या कर दी गई।

जवान को शनिवार को कुछ हथियारबंद लोगों ने अपहरण कर लिया था। इसका शव रविवार को इम्‍फाल पूर्वी जिले में मिला है। पुलिस का कहना है क‍ि भारतीय सेना का जवान इन द‍िनों छुट्टी पर घर आया हुआ था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि तीन हथियारबंद लोगों ने शनिवार को बंदूक की नोक पर डिफेंस सर्विस कोर (डीएससी) के 49 साल के सर्टो थांगथांग कोम का इम्‍फाल पश्चिम जिले के हैप्पी वैली के तारुंग स्थित उनके घर से अपहरण कर लिया। 

सैन्यकर्मी का गोलियों से छलनी शव रविवार को इम्‍फाल पूर्वी जिले के खुनिंगथेक गांव पूर्व में पाया गया।  मृतक सैनिक के 10 साल के बेटे के बयान के मुताबिक जो इस पूरे घटना का गवाह भी है, उसने बताया कि अचानक तीन बदमाश घर में घुस आए, उस वक़्त सिपाही सर्टो थांगथांग घर के बरामदे पर बैठ कर उससे बातचीत कर रहे थे। अचानक उनके पिता के सिर पर पिस्तौल रख कर उन्हें जबरन एक सफेद रंग की गाड़ी में बैठा लिया और अपने साथ लेकर चले गये। 

सैनिक के परिवार में पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है। अंतिम संस्कार परिवार की इच्छा के अनुसार किया जाएगा। सेना की एक टीम शोक संतप्त परिवार को हरसंभव सहायता देने के लिए मारे गए सैनिक के घर पहुंची। भारतीय सेना ने इस कायरतापूर्ण हत्या की कड़ी निंदा की और कहा कि इस कठिन समय में उनके शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी रहेगी।