औरंगजेब कब्र विवाद को लेकर नागपुर में हिंसा, उपद्रवियों ने कई वाहन फूंके, DCP समेत कई पुलिसकर्मी घायल
अधिकारियों के मुताबिक अफवाह फैली कि प्रदर्शनकारियों ने पुतले के साथ एक धार्मिक पुस्तक जलाई है। इससे दो पक्षों में पथराव हुआ। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई। दो जेसीबी में आग लगाई गई।

नागपुर। औरंगजेब कब्र विवाद को लेकर महाराष्ट्र में हिंसा शूर हो गई है। महाराष्ट्र के नागपुर से सोमवार राय बवाल और आगजनी की खबर सामने आई है। यहां दो समुदायों के बीच पथराव के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस दौरान कई गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई और दो जेसीबी में आग लगाई गई। हिंसा की चपेट में आने से DCP समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नागपुर के महल इलाके में सोमवार रात 8:30 विश्व हिंदू परिषद ने औरंगजेब का पुतला फूंका था। इसके बाद इलाके में हिंसा भड़की और दो पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। अनियंत्रित भीड़ ने इस दौरान कई वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की। दो जेसीबी भी फूंक दिए गए। तमाम पुलिसबल होने के बावजूद उपद्रवी नहीं रुके। यहां तक कि DCP अर्चित चांडक पर भीड़ ने कुल्हाड़ी से हमला किया।
यह भी पढ़ें: चाहे चुनाव हार जाऊं या मंत्री पद चला जाए, धर्म की बात सार्वजनिक रूप से नहीं करूंगा: नितिन गडकरी
हिंसा में कई पुलिसकर्मी व अन्य लोगों के घायल होने की खबर है। पुलिस ने 15 उपद्रवियों को हिरासत में भी लिया है। DCP अर्चित चांडक ने कहा कि गलतफहमी के कारण यह घटना हुई है। स्थिति कंट्रोल में है। सभी से अपील है कि बाहर न निकलें। पत्थरबाजी न करें। कुछ पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। मेरे पैर में भी हल्की चोट आई।
राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से प्रशासन का पूरा सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हम लगातार पुलिस-प्रशासन के संपर्क में हैं। नागपुर एक शांतिपूर्ण शहर है। किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। वहीं, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि प्लानिंग के साथ हमला किया गया है। पुलिस पार्टी पर पत्थर फेंके गए हैं। ऐसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उपद्रवियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
नागपुर में हिंसा की घटना के बाद मुंबई में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मालवणी, भिंडी बाजार, कुर्ला, शिवाजी नगर-मानखुर्द और अंटॉपहिल जैसे मुस्लिम बहुल इलाकों में स्थानीय पुलिस को सतर्क कर दिया गया। मुंबई पुलिस ने भी विभिन्न इलाकों के सभी धर्मों के प्रमुख लोगों से संपर्क कर किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास नहीं रखने की अपील की है।
दरअसल, औरंगजेब कब्र विवाद में सोमवार को महाराष्ट्र में विश्व हिंदू परिषद ने जगह-जगह विरोध-प्रदर्शन किया था। नागपुर में भी इसी के तहत नागपुर में औरंगजेब का पुतला जलाया गया था। जिसके बाद दो गुट के लोगों में झड़प हो गई। फिर दोनों ओर से पथराव और आगजनी शुरू हो गई।