आज दक्षिण भारत पहुंचेगा समुद्री तूफ़ान निवार, कई शहरों में हाई अलर्ट
Cyclone Nivar: मौसम विभाग ने निवार चक्रवात के बारे में एक बुलेटिन भी जारी किया है, तमिलनाडु और पुदुच्चेरी में आज भारी बारिश की आशंका

बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब के कारण भीषण चक्रवात निवार के आज यानी बुधवार 25 नवंबर को तमिलनाडु के तट से टकराने की आशंका है। अगले 24 घंटे में यह और भी तीव्र होकर भारी तबाही मचा सकता है। साल 2020 के मॉनसून के बाद बंगाल की खाड़ी में बनने वाले इस पहले चक्रवाती तूफान को ‘निवार’ नाम दिया गया है।
वर्तमान स्थितियों को ध्यान में रखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि यह 25 नवंबर के आसपास पुदुच्चेरी और कराईकल के बीच से लैंडफॉल करेगा। पहले अंफन, फिर निसर्ग और गति के बाद अब निवार चक्रवाती तूफान का असर भारत में दिखेगा। इस तूफान का असर कैसा होगा, इस बारे में मौसम विभाग ने पूरी जानकारी दी है। मौसम विभाग द्वारा ट्विटर पर इस तूफ़ान को लेकर एक एनिमेटेड वीडियो भी जारी किया गया है।
All India Weather Forecast & warning video based on 24-11-2020 pic.twitter.com/zcqjLutQKu
— India Meteorological Department (@Indiametdept) November 24, 2020
इस तूफान का असर तमिलनाडु के तटीय इलाकों में दिखेगा। वहीं आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के इलाकों में भी इसका असर दिखेगा। मौसम विभाग ने बताया कि निवार के कारण दक्षिण पूर्वी तेलंगाना में भारी बारिश होगी। फिलहाल यह तूफान भारत के समुद्री किनारे से कितनी दूर है, ये कहां लैंडफॉल करेगा, ये सारी जानकारी भी मौसम विभाग ने दी है। इसके साथ ही मंगलवार से अगले आदेश तक सात जिलों में अंतर जिला बस सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। कुछ जिलों में ट्रेनें भी आंशिक या पूरी तरह निरस्त कर दी गई हैं।
1) Cyclone "NIVAR" to cross Tamilnadu-Puducherry coasts between Karaikal and Mamallapuram as a very severe cyclonic storm during late evening of 25th November.
— India Meteorological Department (@Indiametdept) November 24, 2020
2)Depression over Gulf of Aden and adjoining Somalia weakened into a well marked low pressure area. pic.twitter.com/ZWzqjnbDUB
मौसम विभाग की ओर से जारी एक बुलेटिन में कहा गया है कि यह तमिलनाडु और पुदुच्चेरी के तटों से 25 नवंबर को दोपहर करईकाल तथा मामल्लापुरम के बीच 100-110 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से टकरा सकता है, जिसके बाद इसकी रफ्तार और बढ़कर 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। चक्रवात के असर से तमिलनाडु और पुदुच्चेरी में 24 से 26 नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है। इस कारण नागपट्टनम जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया है तथा मछुआरों को 26 नवंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।