Sakshi Dhoni: लोग नहीं भूलेंगे कि एमएस धोनी ने उन्हें कैसा महसूस करवाया

MS Dhoni Retirement: महेंद्र सिंह धोनी के रिटायरमेंट पर पत्नी साक्षी धोनी ने लिखा है कि अपने जुनून को अलविदा कहने के पहले अपने आंसुओं को रोकना पड़ा होगा

Updated: Aug 16, 2020, 09:30 PM IST

नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अब इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेलेंगे। धोनी ने 15 अगस्त की शाम इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहा। उनके इस निर्णय के बाद कई तरह की प्रतिक्रियाएँ आ रही हैं। माही नाम से मशहूर एमएस धोनी की पत्नी साक्षी धोनी ने भी उनके लिए  खास मैसेज लिखा है। साक्षी ने इंस्टाग्राम पर धोनी की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि आपने जो कुछ हासिल किया उस पर आपको गर्व होना चाहिए। साक्षी ने मशहूर अमेरिकी पोएट माया एंजेलो की पंक्ति के साथ धोनी का फोटो शेयर किया है। 

रिटायरमेंट की सूचना देनी वाली धोनी की पोस्ट के बाद उनकी पत्नी साक्षी ने शाम में ढलते सूरज को देख रहे माही की फोटो शेयर करते हुए लिखा, 'आपने जो हासिल किया है, उस पर आपको गर्व होना चाहिए। खेल को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए बधाई। मुझे आपकी उपलब्धियों और आप पर गर्व है। मुझे यकीन है कि आपने अपने जुनून को अलविदा कहने के लिए अपने आंसुओं को थाम लिया होगा। आपको स्वास्थ्य, खुशी और आगे की अद्भुत चीजों के लिए शुभकामना, एमएसडी आपका शुक्रिया।'

 

माया एंजेलो की पंक्ति के साथ साक्षी ने अपनी पोस्ट खत्म की। उन्होंने लिखा, 'लोग भूल जाएंगे आपने क्या कहा, लोग भूल जाएंगे आपने क्या किया, लेकिन लोग कभी नहीं भूलेंगे कि आपने उन्हें कैसा महसूस करवाया।'

ग़ौरतलब है कि धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13 वें सीजन के लिए चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) टीम के साथ जुड़ने के एक दिन बाद संन्यास की घोषणा की है।