यौन शोषण के आरोपों पर खेल मंत्रालय सख्त, कुश्ती संघ से 72 घंटे के भीतर मांगा जवाब

पहलवानों के यौन शोषण के आरोपों पर खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती संघ से जवाब मांगा है। रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगे हैं

Updated: Jan 19, 2023, 03:23 AM IST

नई दिल्ली। पहलवानों और कुश्ती संघ के बीच जारी विवाद में अब केंद्र सरकार की एंट्री हो गई है। पहलवानों के यौन शोषण के आरोपों पर खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती संघ से जवाब मांगा है। खेल मंत्रालय ने जवाब देने के लिए कुश्ती संघ को 72 घंटे की मोहलत दिया है।

बता दें कि राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों दोनों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) और उसके अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि फेडरेशन के अध्यक्ष और कोच महिला पहलवानों का यौन शोषण करते हैं। 

यह भी पढ़ें: राज्यों की रैंकिंग में MP फिसड्डी, आर्थिक सूचकांक में नीचे से दूसरा स्थान, सामाजिक विकास में भी बुरी तरह पिछड़ा

तोक्यो ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडलिस्ट बजरंग पूनिया और विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट समेत देश के टॉप पहलवानों ने बुधवार को भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के तानाशाही रवैये के खिलाफ बुधवार को धरना भी दिया। इस दौरान विनेश फोगाट ने तो रोते हुए आरोप लगाया कि रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह कई वर्षों से महिला पहलवानों का यौन शोषण कर रहे हैं। 

दूसरी तरफ, बृजभूषण सिंह ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने यहां तक कहा कि अगर आरोप सच साबित हुए तो वह फांसी लगा लेंगे।फोगाट के इन आरोपों के बाद केंद्र ने भी अब इस मामले में एंट्री कर ली है और 72 घंटे के अंदर पूरे मामले पर जवाब मांगा है।

खेल मंत्रालय ने कहा कि मामला ऐथलीट्स से जुड़ा है लिहाजा मंत्रालय इसे बहुत ही गंभीरता से ले रहा है। मंत्रालय ने कहा है कि अगर रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया 72 घंटे के भीतर जवाब नहीं देता है तो मंत्रालय नैशनल स्पोर्ट्स डिवेलपमेंट कोड, 2011 के प्रावधानों के तहत फेडरेशन के खिलाफ कार्रवाई करेगा।