किसान आंदोलन के समर्थन में MP में व्यापक प्रदर्शन, किसान नेता बोले- जरूरत पड़ी तो दिल्ली जाएंगे

मध्य प्रदेश किसान महासभा के राज्य महासचिव अखिलेश यादव ने कहा कि जब तक किसानों की मांगें नहीं मानी जाती, हम पीछे नहीं हटेंगे।

Updated: Feb 16, 2024, 05:17 PM IST

ग्वालियर। पंजाब के किसानों के दिल्ली कूच का आज चौथा दिन है। शंभू बॉर्डर पर आज फिर हंगामा देखने को मिला। इधर, मध्य प्रदेश में भी किसान आंदोलन के समर्थन में व्यापक प्रदर्शन देखने को मिला। ग्वालियर, मुरैना, भिंड और गुना समेत कई जगहों पर किसानों ने आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन किया।

मध्य प्रदेश के किसान नेताओं ने कहा कि जरूरत पड़ी तो दिल्ली भी जाएंगे। वे जेल जाने के लिए भी तैयार हैं। ग्वालियर में संयुक्त किसान मोर्चा ने फूलबाग मैदान में प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश किसान महासभा के राज्य महासचिव अखिलेश यादव ने कहा कि जब तक किसानों की मांगें नहीं मानी जाती, हम पीछे नहीं हटेंगे।

किसान नेताओं ने कहा कि जरूरत पड़ी तो अंचल से हजारों किसान दिल्ली जाएंगे। ग्वालियर शहर की सब्जी मंडियों में आज किसानों ने सब्जी व फूल नहीं भेजे हैं। किसान आंदोलन के समर्थन में मुरैना की चंबल कॉलोनी में भी किसान एकत्रित हुए। किसान नेताओं ने कहा कि हम जेल जाने को तैयार हैं, लेकिन पीछे नहीं हटेंगे। 

उधर, खंडवा में भी किसान नेता ज्ञापन देने कलेक्ट्रेट पहुंचे। सुरक्षा के लिए QRF (त्वरित प्रक्रिया बल) के दो दर्जन जवान तैनात रहे। गुना में किसान कांग्रेस सहित विभिन्न मजदूर संगठन ने किसान आंदोलन के समर्थन में रैली निकाली। सभी नारेबाजी करते हुए जयस्तम्भ चौराहे से कलेक्ट्रेट तक पहुंचे। यहां उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

भिंड के गोहद कस्बे में अखिल भारतीय किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। एसडीएम दफ्तर पर यह प्रदर्शन किया गया। इसमें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) भी शामिल हुई।