T-20 World Cup: सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराया, जीत के साथ फाइनल में एंट्री
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में जगह बना ली है।
मुंबई। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 7 रनों से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही सूर्या ब्रिगेड ने टूर्नामेंट के खिताबी जंग में एंट्री भी कर ली है। अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया 8 मार्च को फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने डिफेंडिंग चैंपियन का टाइटल सुरक्षित करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने 254 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य खड़ा किया था। टीम को इतने बड़े स्कोर तक पहुंचाने में बल्लेबाज संजू सैमसन का बड़ा योगदान रहा था। उन्होंने ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम के लिए 89 रनों की कमल की अर्धशतकीय पारी खेली थी। इसके जवाब में इंग्लैंड निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेटों के नुकसान पर केवल 246 रन ही जोड़ सकी।
इंग्लैंड के खिलाफ मैच में जीत के साथ ही भारत चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है। इससे पहले टीम इंडिया साल 2007, 2014 और 2024 में भी इस टूर्नामेंट का फाइनल खेल चुकी है। जबकि, 2 बार इस खिताब को अपने नाम कर चुकी है। टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट के पहले सीजन यानी साल 2007 और 2024 में खेले गए सीजन में ट्रॉफी अपने नाम की थी।
मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया और इंग्लैंड के सामने 254 रन का मुश्किल लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने पावरप्ले के दौरान 68 रन तो बना लिए थे लेकिन इसी दौरान उसके टॉप-3 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे।
इंग्लैंड को शुरुआती झटके भारतीय गेंदबाजों ने दिए थे। वरुण चक्रवर्ती ने कप्तान जोस बटलर को 25 रन पर आउट किया था। जबकि, जसप्रीत बुमराह ने हैरी ब्रूक को 7 रन के निजी स्कोर पर चलता कर दिया था। इसके बाद हार्दिक पंड्या ने फिल सॉल्ट को 5 रन पर पवेलियन भेज दिया था जिससे इंग्लैंड दबाव में आ गई थी।
हालांकि, इसके बाद नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने आए जैकब बेथेल ने पारी संभालने की कोशिश की और शानदार शतक जड़ा। उन्होंने 48 गेंदों पर 105 रन की पारी खेली। बेथेल ने टीम को मुकाबले में बनाए रखने के लिए कई अहम साझेदारियां भी की थी। उन्होंने टॉम बैंटन के साथ चौथे विकेट के लिए 10 गेंदों में 31 रन जोड़े थे। इसके बाद विल जैक्स के साथ 39 गेंदों में 77 रन की साझेदारी की और सैम करन के साथ छठे विकेट के लिए 27 गेंदों में 50 रन जोड़ दिए थे।
बेथेल की आक्रामक बल्लेबाजी से इंग्लैंड आखिरी ओवर तक मुकाबले में बनी रही थी लेकिन 20वें ओवर की पहली गेंद पर वह रन आउट हो गए। उनके आउट होते ही इंग्लैंड की जीत की उम्मीद भी खत्म हो गई और भारतीय टीम ने 7 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।




