विराट कोहली का शतक हुआ बेकार, इंदौर वनडे में न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रन से हराया
इंदौर में खेले गए तीसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रन से हराकर सीरीज 2-1 से जीत ली। लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने शतकीय पारी खेली, लेकिन कीवी गेंदबाजों के सामने भारतीय टीम टिक नहीं सकी।
इंदौर। इंदौर में खेले गए तीसरे वनडे मैं न्यूजीलैंड ने 41 रनों से जीत हसिल की। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने सीरीज पर 2-1 से सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। टारगेट का पीछा करते हुए टीम इंडिया के लिए स्टार बल्लेबाज विराट कोहली से शतकीय पार्टी खेल भारत को जीत दिलाने की कोशिश की लेकिन कीवियों के गेंदबाजी अटैक के सामने भारतीय टीम ज्यादा देर टिक नहीं सकी।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत लड़खड़ा गई थी लेकिन विराट कोहली ने एक छोर संभालते हुए 124 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। उन्होंने रन गति बनाए रखने की पूरी कोशिश की थी। हालांकि, दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। नितीश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा ने भी 52-52 रन की उपयोगी अर्धशतकीय पारियां खेली लेकिन टीम को जीत तक नहीं ले जा सके। न्यूजीलैंड की ओर से जैक फोक्स और क्रिस्टियन क्लार्क ने 3-3 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी थी। जबकि, जेडन लेनक्स ने 2 विकेट अपने नाम किए थे।
इससे पहले न्यूजीलैंड की पारी में शुरुआत बेहद खराब रही थी। डेवोन कॉनवे सिर्फ 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और हेनरी निकोल्स खाता भी नहीं खोल सके थे। शुरुआती झटकों के बाद डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने मोर्चा संभाला और भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। मिचेल ने 137 रन की दमदार पारी खेली। जबकि, ग्लेन फिलिप्स ने 106 रन बनाया था। दोनों के बीच हुई साझेदारी ने न्यूजीलैंड को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।
भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को 3-3 सफलताएं मिलीं। मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट लिया लेकिन मिचेल और फिलिप्स की आक्रामक बल्लेबाजी के सामने भारतीय गेंदबाज रन गति पर अंकुश नहीं लगा सके।
आखिरकार 337 रन के लक्ष्य के सामने भारतीय टीम संघर्ष तो करती दिखी लेकिन पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 296 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह न्यूजीलैंड ने इंदौर में निर्णायक मुकाबला जीतकर वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लिया।




