भारत मैट्रीमोनी के ऐड पर विवाद, महिलाओं के साथ सुरक्षित होली खेलने की की थी अपील
भारत मैट्रीमोनी ने अपने ऐड में बताया है कि रंग खेलने के दौरान होने वाले शोषण के चलते एक तिहाई महिलाओं ने होली खेलना छोड़ दिया है

नई दिल्ली। भारत मैट्रीमोनी के ऐड को लेकर बवाल मच गया है। महिलाओं के लिए सुरक्षित होली सुनिश्चित करने वाले ऐड को सोशल मीडिया पर एक तबका इसे हिंदुफोबिक विचार से ग्रसित बता रहा है और भारत मैट्रोमोनी के बहिष्कार की मांग कर रहा है।
सोशल मीडिया पर भारत मैट्रीमोनी के बॉयकॉट का अभियान चलाया जा रहा है। इस ऐड का विरोध करने वाले लोगों का आरोप है कि भारत मैट्रीमोनी महिला सुरक्षा के नाम पर हिंदू त्योहारों के ख़िलाफ़ अभियान चला रहा है। हालांकि इन आरोपों पर खुद कंपनी की तरफ से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं आई है।
भारत मैट्रीमोनी ने हाल ही में होली के अवसर पर एक ऐड जारी किया था, जिसमें लोगों से ऐसी होली खेलने का आह्वान किया गया था जोकि महिलाओं के लिए सुरक्षित हो। भारत मैट्रीमोनी ने अपने ऐड के ज़रिए यह बताने का प्रयास किया था कि रंग खेलने के नाम पर महिलाओं को किस तरह की यातनाओं से गुजरना पड़ता है।
भारत मैट्रीमोनी ने अपने एक मिनट के ऐड में एक महिला को दिखाया था जिसके चेहरा रंगों से पुता हुआ है। महिला पानी से अपने चेहरे पर लगे रंग को धोती है और चेहरा धुलने पर महिला के चेहरे पर काले धब्बे और चोट के निशाना दिखाई देते हैं।
This Women's Day & Holi, let's celebrate by creating safer and more inclusive spaces for women. It's important to acknowledge the challenges that women face in public spaces and create a society that truly respects their well-being - today & forever.#BharatMatrimony #BeChoosy pic.twitter.com/9bqIXZqaXu
— Bharatmatrimony.com (@bharatmatrimony) March 8, 2023
महिला का चेहरा पानी से धुलते ही कम्पनी एक लिखित अपील करते हुए बताती है कि कुछ रंग आसानी से नहीं धुल पाते हैं। होली के दौरान शोषण कई तरह की यातनाओं का कारण बनता है। इन्हीं यातनाओं के कारण आज एक तिहाई महिलाओं ने होली खेलना छोड़ दिया, इसलिए इस होली ऐसी होली मनाएं जोकि महिलाओं के लिए सुरक्षित हो।