महिला दिवस पर इंदिरा गांधी को सरकारी पोस्टर में जगह नहीं, महिला कांग्रेस नेताओं ने कहा हीन भावना से घिरी सरकार

रक्षा विशेषज्ञ अनुमा आचार्य ने कहा, देश की प्रमुख महिला नेताओं के बैनर में इंदिरा गांधी की तस्वीर नहीं लगाना हीन भावना का सबूत, कांग्रेस नेता विभा पटेल, मीना वर्मा और मोना सुस्तानी ने भी की कड़ी आलोचना

Updated: Mar 08, 2021, 12:16 PM IST

Photo Courtesy: Social media
Photo Courtesy: Social media

भोपाल। महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा अपने कार्यक्रम में आयरन लेडी इंदिरा गांधी की तस्वीर नहीं लगाना महिलाओं को नागवार गुज़रा है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तस्वीर नहीं लगाए जाने पर रक्षा विशषेज्ञ अनुमा आचार्य समेत कई महिलाओं ने मुख्यमंत्री की आलोचना की है। अनुमा ने इस कृत्य को घोर निंदनीय बताया है। पूर्व वायुसेना अधिकारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और शिवराज सिंह चौहान हीन भावना का शिकार हैं।  

राजनीतिक आकाओं के डर से इंदिरा जी की तस्वीर नहीं लगा पाए शिवराज : अनुमा 

अनुमा आचार्य ने कहा कि आज के समय में भी जब हम देश के सबसे सशक्त गरिमापूर्ण नेता का नाम सोचते हैं तो इंदिरा गांधी का चेहरा खुद ब खुद हमारे सामने आ जाता है। शिवराज सिंह चौहान उसी हीन भावना से पीड़ित हैं, जिसकी पूरी बीजेपी शिकार है। अनुमा ने आगे कहा कि जो महिला नेता भारत में महिला सशक्तिकरण की सबसे सशक्त हस्ताक्षर हैं, उनकी तस्वीर को जगह नहीं देना हैरान करने वाला है। अनुमा ने मुख्यमंत्री पर तंज करते हुए कहा कि अगर शिवराज जी अपने बैनर में इंदिरा जी को जगह देते तो उनके राजनीतिक आका उनसे नाराज़ हो जाते। शायद इसी वजह से वे बैनर में इंदिरा जी को जगह देने का साहस नहीं कर पाए। 

इंदिरा जी को पार्टी की सीमा में बाँध कर नहीं देखा जा सकता : विभा पटेल, कांग्रेस नेता  

स्वर्गीय प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तस्वीर शिवराज के कार्यक्रम से नदारद होने पर विभा पटेल ने हम समवेत से कहा कि कुछ महापुरुष ऐसे होते हैं जिन्हें हम दलगत राजनीति की सीमा में नहीं बाँध सकते। इंदिरा जी भी उन्हीं में से एक हैं। शिवराज चौहान को बीजेपी के मुख्यमंत्री होने के नाते भी यह सोचना चाहिए कि देश की जिस नेता अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए थे, स्वयं अटल बिहार वाजपेयी ने जिन्हें दुर्गा का अवतार बताया था, उनका सम्मान नहीं करना कितना गलत है। 

यह भी पढ़ें : इंदिरा गांधी के बिना अधूरी है देश की प्रमुख महिला नेताओं की फ़ेहरिस्त, क्या इतना भी नहीं जानते सरकार

मुख्यमंत्री को महिलाओं की काबिलियत पर नहीं है भरोसा : विभा पटेल

विभा पटेल ने कहा कि इंदिरा जी द्वारा रखी गई विकास की नींव को हम भुला नहीं सकते। नेहरू जी ने अपने समय में इंफ्रास्ट्रक्चर की जो नींव रखी थी, उसे इंदिरा जी ने ही आगे बढ़ाया। लेकिन महिलाओं के प्रति बीजेपी की मानसिकता का इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि महिला बाल विकास विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग तक की ज़िम्मेदारी मुख्यमंत्री खुद ही संभाल रहे हैं। विभा ने कहा कि जिस विभाग की ज़िम्मेदारी महिलाओं और बच्चों से जुड़े कार्य करने की होती है, उसकी ज़िम्मेदारी किसी महिला को सौंपने से मुख्यमंत्री कतराते हैं। महिला बाल विकास मंत्रालय की ज़िम्मेदारी आखिर उनके दल की महिला सँभालेगी। उन्होंने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री को महिलाओं की काबिलियत पर भरोसा नहीं है?  

इंदिरा जी की तस्वीर नहीं लगाना महिलाओं का अपमान है : मोना सुस्तानी 

राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस की उम्मीदवार रहीं मोना सुस्तानी ने कहा कि इंदिरा जी की तस्वीर नहीं लगाना महिलाओं का अपमान है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इंदिरा जी सबसे पहले एक महिला थीं, इसलिए मुख्यमंत्री को इंदिरा जी का सम्मान करना चाहिए था। इंदिरा गांधी कांग्रेस नेता होने के अलावा देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं। इस लिहाज़ से मुख्यमंत्री को इंदिरा गांधी की तस्वीर लगानी चाहिए थी।

यह मुख्यमंत्री की छोटी सोच को दर्शाता है: मीना वर्मा 

वहीं कांग्रेस नेता मीना  वर्मा ने कहा कि इंदिरा जी को बैनर में जगह न देना मुख्यमंत्री की छोटी सोच को दर्शता है। मुख्यमंत्री को इतनी छोटी सोच रखना शोभा नहीं देती। मीना वर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री रही हैं। कांग्रेस खुद बीजेपी के हर बड़े नेता का सम्मान करते आई है। मुख्यमंत्री को भी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश की पहली महिला प्रधानमंत्री का सम्मान करने में कोई परहेज़ नहीं होना चाहिए था। लेकिन उन्होंने इंदिरा जी को अपने बैनर तक में जगह नहीं दी। जो कि उनकी छोटी सोच को दर्शाता है। 

दरअसल, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला दिवस के अवसर पर मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आज एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसके मुख्य अतिथि खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान थे। मुख्यमंत्री की गाड़ी चलाने से लेकर सुरक्षा तक की ज़िम्मेदारी महिलाओं को सौंपी गई। लेकिन महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में लगे बैनर ने सबको हैरान कर दिया है। बैनर में बीजेपी से जुड़ी महिला नेताओं के साथ-साथ कई और मशहूर महिलाओं की तस्वीरों को तो शामिल किया गया, लेकिन देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तस्वीर बैनरों से नदारद रही।