मध्य प्रदेश के प्रमुख अख़बारों की विवेचना, देखिए सिर्फ़ हम समवेत पर
अब अलग अलग अखबार पढ़ने से मुक्ति। हम समवेत के 'समाचार सारांश' में सुनिए एमपी के अखबारों में छपी खबरें एक साथ। यहां आपको मिलेगी वो खबरें जो आपके लिए जानना महत्वपूर्ण हैं।
गरीबों को राशन, भाजपा की ब्रांडिंग
मध्यप्रदेश में 7 अगस्त को होने वाले अन्न उत्सव भाजपा के लिए राजनीतिक अवसर हो गया है। इसके माध्यम से भाजपा ने अपनी ब्रांडिंग और मैदानी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की योजना भी बना ली है। इस महा-ईवेंट के जरिए भाजपा के मैदानी कार्यकर्ता सभी हितग्राहियों के घर भी जाएंगे, कार्यक्रम स्थल 2 पर उनका तिलक-चंदन और चाय पानी से स्वागत किया जाएगा। यह पूरी कवायद प्रदेश में होने वाले निकाय- पंचायत चुनाव और 4 सीटों पर होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर की जा रही है।
कांग्रेस सुधारेगी इतिहास का ज्ञान
मध्यप्रदेश के दो मंत्री बढ़ती महंगाई के लिए प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी को दोषी बता चुके हैं। इन बयानों पर प्रदेश कांग्रेस ने पलटवार किया है। पार्टी ने तय किया है कि प्रदेश संगठन का विचार विभाग ऐतिहासिक तथ्य प्रदर्शन अभियान चलाएगा। इसमें महापुरुषों भाजपा द्वारा बताए जा रहे गलत इतिहास की वास्तविकता आमजन को बताई जाएंगी।
मंत्री- विधायक के बंगलों पर काम करने वालों ने की तबादलों की फर्जी अनुशंसा
सांसद और विधायक के फर्जी लेटरहेड पर लगभग 30 सरकारी कर्मचारियों के तबादले की अनुशंसा करने वाले 5 आरोपियों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी भाजपा विधायक रामपाल सिंह के बंगले पर रसोइया रह चुका है। उसने शिक्षा विभाग के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और दोस्त की मदद से इस काम को अंजाम दिया था। इस मामले में एक आरोपी स्वास्थ्य मंत्री प्रभुराम चौधरी के बंगले पर सफाई करता था।