15 हजार डेलीगेट्स, तीन दिन ताबड़तोड़ बैठकें, समापन पर मेगा रैली... कांग्रेस महाधिवेशन आज से शुरू

प्लेनरी सत्र की शुरुआत शुक्रवार सुबह 10 बजे स्टियरिंग कमेटी की बैठक के साथ होगी जो प्लेनरी का एजेंडा तय करेगी। इसी बैठक में कार्यसमिति के चुनाव को लेकर निर्णय होगा। शाम चार बजे सब्जेक्ट कमेटी की बैठक होगी।

Updated: Feb 24, 2023, 04:45 AM IST

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर कांग्रेस के रंग में रंग चुकी है। राज्य में पहली बार कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय महाधिवेशन होने जा रहा है। आजाद भारत की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस का तीन दिवसीय 85वां अधिवेशन (प्लेनरी सेशन) शुक्रवार सुबह 10 बजे से शुरू होने वाला है। इस सत्र में हिस्सा लेने के लिए देशभर की हस्तियां राजधानी रायपुर में पहुंच चुकी हैं।

इस कार्यक्रम में करीब 15 हजार डेलीगेट्स शामिल होंगे। इसके लिए नवा रायपुर स्थित मेला मैदान में 1 लाख 40 हजार स्क्वायर फीट एरिया में तीन डोम बनाए गए हैं। सेंट्रल डोम 80 हजार स्क्वायर फीट में बनाया गया है। हर डोम एयरकंडीशंड रहेगी और इनकी कूलिंग क्षमता 350 एसी के बराबर है। इसके लिए एसी की पाइप लाइनें बिछा दी गई हैं। अधिवेशन के लिए भव्य पंडाल बनाया गया है। स्टियरिंग कमेटी की बैठक कन्वेंशन हॉल में होगी। उसके बाद सभी कमेटियों की बैठक होगी। वहीं कार्यक्रम के आखिरी दिन यानी 26 को शाम चार बजे मेगा रैली का आयोजन किया गया है।

जिस डोम में सारे वीआईपी रहेंगे, उसमें बड़ा मंच बनाया गया है। यह थीम बेस्ड है। भोजन डोम, बैठक डोम, मीडिया गैलरी सहित सभी डोम एयरकंडीशंड रहेंगी। अधिवेशन में शामिल होने वाले लगभग 15 हजार सदस्य और ड्यूटी में लगे 5 हजार लोगों के लिए रोजाना वहीं भोजन बनेगा। एक एक समय के खाने के लिए क्विंटलों चावल, दाल और सब्जियां बनाई जाएंगी। खाने के कुल 7 टेंट बनाए गए हैं। खास बात यह है कि खाने में कोई भेदभाव नहीं होगा। वीवीआईपी से लेकर वीआईपी गेस्ट और आम कार्यकर्ता सभी को एक जैसा खाना ही मिलेगा।

जानकारी के मुताबिक अधिवेशन में आने वाले अतिथियों का स्वागत प्रदेश के राजकीय गमछे से किया जाएगा। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, दिग्विजय सिंह, प्रियंका गांधी, अशोक गहलोत, जयराम रमेश व अन्य वीवीआईपी और कांग्रेस के प्रथम पंक्ति के नेताओं का स्वागत सिल्क से बने राजकीय गमछे से किया जाएगा। अन्य नेताओं का स्वागत कॉटन के गमछे से किया जाएगा। अधिवेशन के लिए 10 हजार से अधिक गमछे खरीदे गए हैं।

मेला ग्राउंड के भीतर 2000 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है जबकि बाहर 3000 गाडियां पार्क की जा सकेंगी। कार्यक्रम स्थल में प्रवेश के लिए कुल 8 द्वार बनाए गए हैं और सभी के आने जाने के लिए द्वार तय किए गए हैं। बताया जा रहा है कि गेट नंबर-1 से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गांधी परिवार के सदस्य, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व चुनिंदा वीवीआईपी ही प्रवेश करेंगे। गेट-2 से वीआईपी प्रवेश करेंगे। गेट-3 कैटरिंग टीम, गेट-4 एआईसीसी सदस्यों के लिए रहेगी। गेट-5 व 6 पीसीसी सदस्यों के लिए रहेगा। उनकी पार्किंग की व्यवस्था बाहर रहेगी। वे पैदल जाएंगे। गेट-7 मीडिया और गेट-8 इमरजेंसी के लिए रहेगा। 

अधिवेशन स्थल पर सेंट्रली एयरकंडीशन विशाल डोम होगा। 80 हजार वर्गफीट में फैले इस डोम में करीब 20 हजार वर्गफिट (आधा एकड़) का स्टेज बना है। स्टेज पर एक साथ ढाई सौ नेता बैठ सकेंगे। इस डोम में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की विशाल तस्वीरें लगेंगी। स्टेज पर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान थीम का बोर्ड रहेगा। स्टेज के पीछे सोनिया, राहुल, प्रियंका, भूपेश, गहलोत, दिग्विजय, जयराम जैसे बड़े नेताओं के लिए अलग से हॉल भी बना है। इन कमरों को कांग्रेस के पूर्व और ऐतिहासिक नेताओं की तस्वीरों से सजाया गया है।

अधिवेशन में 3000 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। आईजी इसके प्रभारी होंगे। उनके सहयोग के लिए 4 डीआईजी और डेढ़ दर्जन एएसपी की ड्यूटी लगाई गई है। अधिवेशन के भीतर सादी वर्दी में भी पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। जहां-जहां नेता रुकेंगे, वहां भी फोर्स रहेगी। वहीं वीवीआईपी नेताओं के लिए अलग रूट रहेगा। महा अधिवेशन के दौरान कांग्रेस ने कहा है कि पार्टी के शीर्ष पदाधिकारी विचार-विमर्श करेंगे और विपक्षी एकता बनाने के तरीकों पर दिशा देंगे। बताते चलें कि इस साल के अंत तक 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं। अगले साल लोकसभा चुनाव भी होने हैं। ऐसे में कांग्रेस के इस महा अधिवेशन को कई मायनों में बेहद अहम माना जा रहा है।