छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पुलिस का दावा, IED और टिफिन बम के साथ 6 नक्सली गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के हौसले पस्त, पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार, सड़क पर लगा रहे थे टिफिन बम और IED, बड़ी मात्रा में नक्सली सामान बरामद

Updated: Mar 17, 2021, 11:55 AM IST

Photo Courtesy: lalluram
Photo Courtesy: lalluram

बीजापुर। छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों ने दो अलग-अलग स्थानों से 6 नक्सलियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने उन्हें तर्रेम थाना इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपी सिलगेर इलाके में गड्ढा खोद रहे थे। तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने उन्हें घेरेबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तर्रेम पटेलपारा टेकरी इलाके से IED भी बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तर्रेम थाना क्षेत्र से डीआरजी और पुलिस की टीम तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान तर्रेम-सिलगेर मार्ग पर नक्सली सड़क खोदते हुए नज़र आए। पुलिस को देखकर वे भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार नक्सलियों के पास से एक पांच किलो का टिफिन बम, बिजली के तार, डिटोनेटर और खुदाई के औजार बरामद हुए हैं।

इन नक्सलियों में मिलिशिया डिप्टी कमांडर मिडियम चैतू, उईका आयतू मिलिशिया सदस्य, तामू मंगु, तामू जोगा उर्फ जटेल मिलिशिया सदस्य हैं, ये सभी सुकमा, बीजापुर के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय रहे हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ये कथित नक्सली सड़क में टिफिन बम लगाने की फिराक में थे। लेकिन पुलिस की सतर्कता से नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार नक्सलियों पर सड़क और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप है। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि इसी महीने मध्य प्रदेश के रीवा का एक जवान नक्सली हमले में शहीद हो गया था।