MP के बाद CG में AAP की जनसभा, केजरीवाल बोले- छत्तीसगढ़ भ्रष्टाचार के लिए जाना जाता है

केजरीवाल ने कहा कि भारत का प्रधानमंत्री पढ़ा लिखा होना चाहिए। भारत देश को चलाने के लिए पढ़ा लिखा होना जरूरी है। उन्होंने ने एक कहनी सुनाई और बताया कि, अनपढ़ राजा ने कैसे महान देश का बेड़ा गर्क कर दिया।

Updated: Jul 02, 2023, 07:02 PM IST

बिलासपुर। आम आदमी पार्टी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी पांव पसारने की कोशिशें कर रही है। AAP के संयोजक शनिवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में थे। वहीं, रविवार को वे छत्तीसगढ़ के बिलासपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल हुए।

बिलासपुर के साइंस कॉलेज में जनसभा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ भ्रष्टाचार के नाम से जाना जाता है। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, 'बेइमानी मोदी करते हैं, और जेल मनीष सिसोदिया जाते हैं। सिसोदिया ने शानदार स्कूल बना दिए। भाजपा ने 10 साल में भारत का बेड़ा गर्ग कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी नोटबंदी करके बोलते थे भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। मगर ऐसा कुछ नहीं हुआ।'

केजरीवाल ने आगे कहा कि, 'भारत का प्रधानमंत्री पढ़ा लिखा होना चाहिए। भारत देश को चलाने के लिए पढ़ा लिखा होना जरूरी है। इस बीच केजरीवाल ने एक कहनी सुनाई और बताया कि, अनपढ़ राजा ने कैसे महान देश का बेड़ा गर्क कर दिया। कहानी के जरिए केजरीवाल ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, एक दिन देश में महामारी आई। चारों तरफ हाहाकार था। फिर राजा ने थाली और चम्मच बजवाई। महामारी खत्म नहीं हुई। राजा के दोस्त गुंडे थे। उसने देश की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी को ही छेड़ दिया। ऐसे राजा को हटाकर फेंक देना चाहिए। मैंने सुना है कि आज कल वो स्टेशन पर चाय बेचते हैं।'

इस दौरान भगवंत मान ने कहा, 'देश को सब कुछ मिला। लेकिन सरकार चलाने वाले नेता नहीं मिले। हमारे पास पैसा नहीं है। गुंडे नहीं है। ये झूठे वादे करते हैं और हम गारंटी देते हैं। प्रधानमंत्री बोलते हैं, हम फ्री की रेवड़ी बांटते हैं। 15-15 लाख रुपए देने का पापड़ किसे मिला ये पीएम को बताना चाहिए। हम जो रेवड़ी बांट रहे हैं, वो आम लोगों को मिलता है। लेकिन आपने जो 15-15 लाख का पापड़ बेचा वो किसे मिला?'