Bhupesh Baghel: मुख्यमंत्री ने ‘बस्तर टाइगर’ को किया नमन
महेंद्र कर्मा के नाम पर बस्तर विश्वविद्यालय का नामकरण, अपने साथी को याद कर भावुक हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बस्तर टाइगर के नाम से मशहूर पूर्व मंत्री और लोकप्रिय नेता स्वर्गीय महेंद्र कर्मा की जयंती पर उन्हें नमन किया है। भूपेश बघेल ने उन्हें याद करते हुए कहा है कि महेन्द्र कर्मा सिर्फ एक राजनेता नहीं थे, वे एक बेहद संवेदनशील, जागरूक और बेहद भावुक इंसान भी थे। उन्हें बस्तर टाइगर कहा जाता था, क्योंकि आदिवासियों के हक की हर लड़ाई में वे दमदारी से खड़े रहे।
लोकप्रिय जन नेता शहीद श्री महेंद्र कर्मा जी की जयंती पर हम सब उनका पावन स्मरण करते हैं।
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) August 5, 2020
आदिवासियों के हक की लड़ाई में दमदारी से खड़े रहे कर्मा जी को बस्तर टाइगर के नाम से हम सब जानते हैं। वे सिर्फ एक राजनेता नहीं बल्कि एक बेहद संवेदनशील, जागरूक और बेहद भावुक इंसान भी थे। pic.twitter.com/UKktYzxLGh
मुख्यमंत्री ने ट्वीट संदेश में लिखा है कि महेंद्र कर्मा जैसे निःस्वार्थ व्यक्ति और पारदर्शी मित्र मुझे मिला यह मेरा सौभाग्य था। स्वर्गीय कर्मा ने जीवन के अंतिम क्षण तक आदिवासियों के लिए संघर्ष किया। छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के नेता और मंत्री के रूप उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली और छत्तीसगढ़ के विकास में अपना अमूल्य योगदान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महेंद्र कर्मा के विचार हमें हमेशी प्रेरित करते रहेंगे। उनकी स्मृतियों को चिरस्थाई बनाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर विश्वविद्यालय का नामकरण उनके नाम पर किया है और अब उनके नाम पर प्रदेश के तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजना की शुरुआत की जा रही है।
गौरतलब है कि 26 मई 2013 को झीरम घाटी नक्सली हमले में कांग्रेस नेताओं के साथ महेंद्र कर्मा भी शहीद हुए थे। नक्सलियों ने उन पर 78 वार किए थे।