बीजापुर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी सफलता, कुख्यात नक्सली आयतु पोड़ियाम ढेर

गंगालूर एरिया कमेटी के अहम सदस्य और 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली आयतु पोड़ियाम को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में मार गिराया है।

Updated: Oct 03, 2025, 06:19 PM IST

बीजापुर। छत्तीसगढ़ में एंटी नक्सल अभियान जारी है। इस अभियान के तहत बड़ी संख्या में नक्सलियों का एनकाउंटर किया जा रहा है। इसी क्रम में बीजापुर ज़िले में सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। गंगालूर एरिया कमेटी के अहम सदस्य और 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली आयतु पोड़ियाम को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में मार गिराया है।

यह मुठभेड़ ज़िले के गमपुर-पुरंगेल के सघन जंगलों में हुई, जिसे नक्सल गतिविधियों का एक बड़ा गढ़ माना जाता है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मारा गया नक्सली आयतु पोड़ियाम गंगालूर एरिया कमेटी का एरिया कमेटी मेंबर (ACM) था। आयतु पर सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था और वह इस क्षेत्र में कई हिंसक वारदातों में शामिल रहा था।

बता दें कि नक्सल संगठन की कमान संरचना में ACM का पद काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। आयतु पोड़ियाम का मारा जाना गंगालूर क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। मुठभेड़ के बाद चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने मौके से गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। बरामद सामानों में 01 BGL (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर), एक सिंगल शाट हथियार, वाकी-टाकी सेट, और खतरनाक टिफिन बम शामिल हैं।

इसके अलावा, बड़ी संख्या में माओवादी वर्दी और अन्य दैनिक उपयोग का सामान भी जब्त किया गया है। BGL जैसे आधुनिक हथियार की बरामदगी से यह साफ होता है कि मारा गया नक्सली किसी बड़े और खतरनाक दस्ते का हिस्सा था। यह संयुक्त अभियान डीआरजी (DRG) और एसटीएफ (STF) के जवानों द्वारा चलाया गया था। सुरक्षा बलों की इस सफलता से क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान को और गति मिलने की उम्मीद है।