आईटी सेक्टर में नहीं थम रहा है छंटनी का दौर, 19 हजार कर्मचारियों को बाहर करेगी एक्सेंचर

बीते कुछ महीनों में अमेजन कुल 27 हजार, फेसबुक ने 21 हजार, गूगल 12 हजार और माइक्रोसॉफ्ट 11 हजार लोगों को नौकरी से निकाल चुकी है।

Updated: Mar 23, 2023, 08:21 PM IST

साल 2023 नौकरीपेशा खासकर IT पेशेवरों के लिए बुरा साबित हो रहा है। वैश्विक मंदी की आशंका के बीच दुनियाभर की कंपनियों में बड़े स्तर पर छंटनी हो रही है। सबसे बुरे हालात अमेरिकी टेक जिएंट्स की है। इन कंपनियों में बीते साल के आखिर से ही छंटनी शुरू हो गई जो कि रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। इसका सबसे अधिक खामियाजा भारतीय आईटी पेशेवरों को उठाना पड़ रहा है। इसी बीच अब आईटी सर्विस फर्म एक्सेंचर ( Accenture Plc) ने 19 हजार कर्मचारियों को निकालने का ऐलान किया है।

एक्सेंचर ने गुरुवार को कहा कि वह लगभग 19,000 नौकरियों में कटौती करेगी और अपने सालाना रेवेन्यू और प्रॉफिट के अनुमानों को कम करेगी। ये संख्या उसके कर्मचारियों की संख्या का 2.5 प्रतिशत है। ये छंटनी अगले 18 महीनों के अंदर होंगी। इतने बड़े पैमाने पर छंटनी की वजह से कंपनी को प्रभावित कर्मचारियों को 1.2 अरब डॉलर कंपनसेशन के रुप में चुकाने पड़ेंगे। यह नया संकेत है जिससे स्पष्ट हो कहा है कि दुनिया के बिगड़ता आर्थिक दृष्टिकोण के चलते आईटी सेवाओं पर कॉर्पोरेट खर्च को कम किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: मेरे भाई न कभी डरे हैं, न कभी डरेंगे, सूरत कोर्ट के फैसले पर प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया

एक्सेंचर के दुनियाभर में 738,000 कर्मचारी हैं। इसकी 49 देशों में 200 से ज्यादा शहरों में ऑफिस मौजूद हैं। कंपनी के 8300 पैटेंट दुनिया भर में मौजूद और पेंडिंग हैं। एक्सेंचर एक आयरिश-अमेरिकी कंपनी है, जो आईटी सर्विस और कंसल्टिंग में विशेषज्ञता रखती है। साल 2022 तक एक्सेंचर कर्मचारियों की संख्या के हिसाब से दुनिया की सबसे बड़ी कंसल्टिंग फर्म के रूप में जानी जाती है।

खास बात ये है कि कंपनी के इस निर्णय के बाद एक्सेंचर के शेयर में 4 फीसदी से भी अधिक का उछाल देखने को मिला है। दरअसल, हाल के दिनों में दुनियाभर में छाई मंदी के बादल के बाद बड़ी-बड़ी टेक कंपनियां छंटनी का दौर चला रही हैं। कर्मचारियों की नौकरी पर संकट बना हुआ है। बीते कुछ महीनों में बड़ी कंपनियों में हुई अंधाधुंध छंटनी के कारण भारत में कम से कम 36,400 लोग बेरोजगार हुए हैं। 

layoff.fyi.के रिपोर्ट के मुताबिक कई कंपनियों ने तो अपने 100 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। वहीं, अधिकांश कंपनियों ने 70 फीसदी तक वर्क फोर्स घटाया है। बीते कुछ महीनों में अमेजन कुल 27 हजार, फेसबुक ने 21 हजार, गूगल 12 हजार और माइक्रोसॉफ्ट 11 हजार लोगों को नौकरी से निकाल चुकी है।