मेरे भाई न कभी डरे हैं, न कभी डरेंगे, सूरत कोर्ट के फैसले पर प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया

मानहानि केस में राहुल गांधी को मिली 2 साल की सजा पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने ट्विटर पर सरकार को निशाने पर लिया और कहा कि मेरे भाई सच बोलते रहेंगे।

Updated: Mar 23, 2023, 02:04 PM IST

नई दिल्ली। मानहानि के मामले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को गुजरात की एक अदालत ने दोषी करार देते हुए उन्हें 2 साल की सजा सुनाई है। हालांकि, राहुल गांधी को सजा मिलते ही बेल भी मिल गई है। वहीं इस मामले में अब उनकी बहन व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। प्रियंका गांधी ने कोर्ट के फैसले को लेकर सरकार पर सीधे तौर पर निशाना साधा है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, "डरी हुई सत्ता की पूरी मशीनरी साम, दाम, दंड, भेद लगाकर राहुल गांधी जी की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। मेरे भाई न कभी डरे हैं, न कभी डरेंगे। सच बोलते हुए जिए हैं, सच बोलते रहेंगे।।देश के लोगों की आवाज उठाते रहेंगे। सच्चाई की ताकत व करोड़ों देशवासियों का प्यार उनके साथ है।"

सूरत सेशंस कोर्ट के फैसले पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "आज न्यायपालिका पर दबाव है... राहुल गांधी की जो टिप्पणी है, ऐसी राजनीतिक टिप्पणी चलती रहती हैं। ऐसी टिप्पणियां अटल जी ने, आडवाणी जी ने पता नहीं कितनी की होंगी, लेकिन पहले इस तरह से मामला दर्ज नहीं होता था। हमें विश्वास है कि आने वाले समय में सही फैसला होगा।"

वहीं, कांग्रेस ने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया, "सबको पता है। राहुल गांधी जी तानाशाह के खिलाफ आवाज़ बुलंद कर रहे हैं। गलत को गलत कहने का साहस दिखा रहे हैं। इस साहस से तानाशाह घबराया हुआ है। कभी ED, कभी पुलिस, कभी केस, कभी सजा से डराने में जुटा है। राहुल गांधी जी इस मामले में न्यायसंगत अपील दायर करेंगे। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।"

इसपर कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने लिखा कि, "इस ख़ूबसूरत देश को बर्बाद होने से रोकने की लड़ाई आसान नहीं है। यह ना कल शुरू हुई है और ना ही कल ख़त्म हो जाएगी। जॉन एलिया कहते हैं : ‘ये तो बस सर ही मांगता है मियां, इश्क़ पर कर्बला का साया है…’  राहुल गांधी को हिंदुस्तान से इश्क़ है। वो सवाल उठाता रहेगा।"